Movie prime

 सेवावीर परिवार के 261वें हनुमान चालीसा पाठ में गूंजा रक्षा का संकल्प

 गोगा नवमी के निमित्त हुआ छड़ी पूजन, रक्षा सूत्र बांधकर राष्ट्र, धर्म और समाज की रक्षा का लिया संकल्प
 

 

रतलाम, 01 सितम्बर(इ खबर टुडे)। सेवावीर परिवार द्वारा निरंतर चलाए जा रहे प्रति मंगलवार हनुमान चालीसा पाठ अभियान के अंतर्गत दिनांक 1 सितंबर 2026 मंगलवार को 261वां हनुमान चालीसा पाठ गांधीनगर स्थित श्री बृहस्पतेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ।

आयोजन में सामाजिक समरसता के प्रतीक पर्व श्री गोगा नवमी के निमित्त विशेष छड़ी पूजन किया गया। इस अवसर पर गोगा देव जी की पावन कथा का वर्णन करते हुए उनके जीवन एवं लोक आस्था में उनके महत्व पर प्रकाश डाला गया। छड़ी लेकर पहुंचे भगत जी भी आयोजन में विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सभी सेवावीरों ने श्री हनुमान जी महाराज, श्री दिव्य गदा जी एवं गोगा देव जी की पावन छड़ी पर राखी समर्पित कर स्वयं की रक्षा की प्रार्थना की। इसके साथ ही उपस्थित सभी जनों ने एक-दूसरे को रक्षा सूत्र बांधकर परस्पर रक्षा, सहयोग और सामाजिक समरसता का संकल्प लिया।

इस अवसर पर रक्षा के संकल्प को व्यापक स्वरूप देते हुए उपस्थित जनों ने अपने परिवार, इष्ट-मित्रों, रिश्तेदारों एवं संपर्क में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ-साथ समाज, रतलाम, मध्यप्रदेश, भारतभूमि और धर्म की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।

संकल्प केवल औपचारिकता नहीं, धरातल पर चल रहा अभियान
सेवावीर परिवार ने स्पष्ट किया कि भारतभूमि एवं धर्म की रक्षा का संकल्प केवल औपचारिकता या शब्दों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसी उद्देश्य को लेकर विभिन्न अभियानों के माध्यम से समाज को जोड़ने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।

इसी क्रम में “मेरे घर आएंगे मिट्टी के गणेश” अभियान को भी अब और अधिक प्रभावशाली रूप से प्रारंभ किया गया है। अभियान के अंतर्गत नगर के प्रमुख क्षेत्रों में सेवावीर प्रातः जल्दी एकत्रित होकर वाहनों पर अभियान के स्टिकर लगा रहे हैं, वहीं ऑटो रिक्शा एवं विभिन्न मंदिरों पर फ्लेक्स लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं धर्मसम्मत गणेश स्थापना का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।