5
Popup Ad
Movie prime

 

पारिवारिक विवाद के बाद घर छोड़कर निकली युवती की वन स्टॉप सेंटर ने कराई घर वापसी

 
 

रतलाम,24 अप्रैल (इ खबर टुडे)। रतलाम के चांदनी चौक क्षेत्र में भटकती और रोती हुई मिली एक 19 वर्षीय युवती को वन स्टॉप सेंटर के प्रयासों से सुरक्षित उसके परिवार को सौंप दिया गया है। तीन दिनों की सघन काउंसलिंग और समझाइश के बाद युवती ने अपनी गलती स्वीकार की और भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का संकल्प लिया।

​मिली जानकारी के अनुसार, समता (परिवर्तित नाम) निवासी रतलाम का अपनी बड़ी बहन से विवाद हो गया था, जिससे नाराज होकर वह घर से निकल गई थी। चांदनी चौक क्षेत्र में उसे रोते हुए देख स्थानीय निवासी गोविंद काकानी ने उसकी मदद की और उसे सुरक्षित वन स्टॉप सेंटर पहुँचाया।

काउंसलिंग से बढ़ा आत्मविश्वास
​जिला कार्यक्रम अधिकारी (महिला एवं बाल विकास विभाग) रामनिवास बुधोलिया ने बताया कि शुरुआत में युवती बहुत परेशान थी और सेंटर में रुकने को तैयार नहीं थी। केंद्र प्रशासक नीता परिहार और परामर्शदाता रिया गुर्जर ने युवती की निरंतर काउंसलिंग की।

​काउंसलिंग के दौरान पता चला कि युवती 12वीं पास है और उसने कंप्यूटर का बेसिक कोर्स भी किया है। स्टाफ ने उसे उसके उज्ज्वल भविष्य और शिक्षा के महत्व को समझाकर उसका खोया हुआ आत्मविश्वास वापस लौटाया।

​परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
​तीन दिनों की देखरेख के बाद युवती ने घर जाने की इच्छा जताई। विभाग द्वारा परिजनों को सूचित कर सेंटर बुलाया गया। युवती की माता और अन्य परिजनों की उपस्थिति में उसे सकुशल घर विदा किया गया। परिवारजनों ने संकट के समय युवती को संबल देने के लिए वन स्टॉप सेंटर की टीम का आभार व्यक्त किया है।