Movie prime

 रतलाम / रेलवे ट्रैक दोहरीकरण के परीक्षण के दौरान मालगाड़ी बेपटरी, टला बड़ा हादसा

 
 

​रतलाम, 08मई(इ खबर टुडे)। रतलाम - चित्तौड़गढ़ रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण कार्य के अंतिम चरण के दौरान गुरुवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दलोदा के समीप ट्रैक परीक्षण (Trial) के दौरान एक मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि रेल यातायात और सड़क आवागमन कुछ घंटों के लिए प्रभावित रहा।

​नीमच और रतलाम के बीच 133 किलोमीटर लंबे रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण का कार्य अपने अंतिम पड़ाव पर है। दलोदा और मंदसौर के बीच नवनिर्मित शिवना नदी पुल सहित 14 किलोमीटर के हिस्से पर 6 से 8 मई तक सुरक्षा परीक्षण किया जा रहा है।

​गुरुवार देर रात करीब 10 बजे, जब रेलवे बोर्ड की टीम 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गाड़ी चलाकर ट्रैक की मजबूती और सुरक्षा को परख रही थी, तभी दलोदा के पास मालगाड़ी के दो डिब्बे बेपटरी हो गए। हादसे के कारण दलोदा रेलवे फाटक काफी देर तक बंद रहा, जिससे सीतामऊ और दलोदा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

​युद्धस्तर पर चला सुधार कार्य
​हादसे की सूचना मिलते ही रतलाम और चित्तौड़गढ़ से रेलवे की तकनीकी टीमें मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद बेपटरी हुए डिब्बों को काटकर अलग किया गया और क्रेन की मदद से उन्हें वापस पटरी पर चढ़ाया गया। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ट्रैक को दोबारा सुचारू किया गया और परीक्षण का काम फिर से शुरू हुआ।

​जांच के आदेश जारी
​रतलाम रेल मंडल के पीआरओ मुकेश कुमार ने जानकारी दी कि ​"हादसा रात करीब 10 बजे हुआ था। प्रभावित डिब्बों को हटाकर ट्रैक को दुरुस्त कर लिया गया है। नीमच-रतलाम दोहरीकरण का 90% काम पूरा हो चुका है और इस 14 किमी के शेष खंड की जांच के लिए रेलवे सीआरएस (CRS) ई. श्री निवास के दौरे के बाद परीक्षण जारी है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए गए हैं।"

​9 मई से बहाल होंगी ट्रेनें
​रेलवे प्रशासन के अनुसार, ट्रैक परीक्षण का कार्य 8 मई की शाम तक पूरा कर लिया जाएगा। परीक्षण सफल होने के बाद, इस रूट पर निरस्त की गई ट्रेनों का संचालन 9 मई से पुनः सामान्य रूप से शुरू कर दिया जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि जून महीने तक इस पूरे ट्रैक पर ट्रेनों का नियमित आवागमन शुरू हो जाएगा।