श्री नित्यानंद जी महाराज की भव्य आरती में उमड़ा जनसैलाब
रतलाम, 17अप्रैल(इ खबर टुडे)। मां कालिका की पावन धरा पर जन कल्याण की अलख जगाने वाले अवधूत श्री विश्वानंद बापजी ने आज नगर के गुरु भक्तों को अपना आशीर्वाद प्रदान किया। गुरुवार शाम 7 बजे शहर के हृदय स्थल डालुमोदी बाजार स्थित दौलतगंज में समर्थ महाप्रभु अवधूत 1008 श्री नित्यानंद महाराज की भव्य आरती का आयोजन किया गया, जिसमें शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
गुरुदेव के आगमन पर भक्तों ने ढोल-धमाकों और गाजे-बाजे के साथ उनका भव्य स्वागत किया। आरती के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। बापजी के दिव्य दर्शनों और सत्कार के लिए भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था। विशेष बात यह रही कि रतलाम के वे भक्त भी इस अवसर पर मौजूद थे, जो वर्तमान में विदेश में निवासरत हैं और विशेष रूप से गुरुदेव के आशीर्वाद के लिए यहां पहुंचे। इस दौरान स्थानीय पत्रकार साथियों ने भी उपस्थिति दर्ज कराई।

23 अप्रैल से शुरू होगी श्रीमद् भागवत कथा
उल्लेखनीय है कि रतलाम के इप्का लेबोरेटरी के सामने स्थित श्री नित्यानंद आश्रम व गौशाला पर विराजमान अवधूत 1008 श्री राजानंद बापजी के प्रिय कृपापात्र अवधूत श्री विश्वानंद बापजी के सानिध्य में भव्य श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का आयोजन 23 अप्रैल से 29 अप्रैल के बीच स्थान: श्री नित्यानंद आश्रम, गौशाला इप्का लेबोरेटरी के सामने, रतलाम पर होने जा रहा है।

