Movie prime

 प्रो. अजहर हाशमी की प्रथम पुण्यतिथि पर 10 जून को सजेगी 'संस्मरणों की स्वर्णिम सांझ'

 
 

रतलाम,06 जून(इ खबर टुडे)। प्रसिद्ध साहित्यकार, प्रखर कवि, गीता मनीषी, भारतीय संस्कृति के अनन्य अध्येता एवं प्रख्यात राष्ट्रवादी चिंतक प्रोफेसर अजहर हाशमी जी की प्रथम पुण्यतिथि के पावन अवसर पर आगामी 10 जून को एक विशेष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन होने जा रहा है। प्रो. हाशमी के शिष्यों और आत्मीय जनों द्वारा उन्हें नमन करने के लिए प्रेस क्लब भवन, रतलाम में 'संस्मरणों की स्वर्णिम सांझ' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम की संयोजक श्वेता नागर ने बताया कि प्रो. अजहर हाशमी जी का विराट व्यक्तित्व और साहित्यिक कृतित्व न केवल उनके विद्यार्थियों व शिष्यों के लिए, बल्कि समूचे समाज के लिए हमेशा अनुकरणीय रहा है। उन्होंने जीवनभर भारतीय संस्कृति और मानवीय मूल्यों को सींचने का काम किया। इस विशेष संध्या में उनके जीवन से जुड़े कई अनछुए और प्रेरणादायी संस्मरण उनके शिष्यों व समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्ध जनों द्वारा साझा किए जाएंगे।

प्रबुद्ध जनों ने किया गरिमामयी उपस्थिति का आह्वान
इस गरिमामयी आयोजन को लेकर शहर के बुद्धिजीवियों और गणमान्य नागरिकों में खासा उत्साह है। महाविद्यालय विद्यार्थी परिवार के संयोजक एवं अपर लोक अभियोजक सतीश त्रिपाठी, मार्गदर्शक मंडल की वरिष्ठ सदस्य डॉ. प्रवीणा दवेसर, पूर्व प्राचार्य डॉ. अनिला कंवर, व्याख्याता नंदिनी सक्सेना, वरिष्ठ पत्रकार हेमंत भट्ट, नीरज शुक्ला, तुषार कोठारी, आरिफ कुरैशी और समाज सेविका अदिति दवेसर ने संयुक्त रूप से सभी नगरवासियों, साहित्य प्रेमियों और प्रबुद्ध जनों से अपील की है कि वे 10 जून को प्रेस क्लब भवन पहुंचकर इस प्रेरक आयोजन का हिस्सा बनें और प्रो. हाशमी जी के प्रति अपने श्रद्धासुमन अर्पित करें।