जाटों का वास में मकान किराए पर लेकर चल रहा था जुआ घर, तीन आरोपी गिरफ्तार; दो फरार
रतलाम, 22 नवंबर( इ खबर टुडे)। माणक चौक थाना पुलिस ने शनिवार देर रात जाटों का वास स्थित एक मकान में दबिश देकर ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाते हुए तीन जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस की घेराबंदी देख दो अन्य आरोपी छत के रास्ते से भागने में सफल रहे। इस मामले में पुलिस ने जुआ खेलने वालों के साथ-साथ जुए के लिए कमरा उपलब्ध कराने वाली मकान मालकिन सहित कुल 6 लोगों के खिलाफ पब्लिक गेम्बलिंग एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रविवार देर रात को माणक चौक थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान के निर्देश पर सहायक उप-निरीक्षक गौरचंद परमार पुलिस बल आरक्षक अविनाश मिश्रा, हेमंत यादव व चीता आरक्षक हेमराज डामोर के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। तोपखाना क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली कि जाटों का वास स्थित 'बाई के मकान' की पहली मंजिल के एक कमरे में कुछ लोग ताश की पत्ती से जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
तीन मौके से धराए, दो छत के रास्ते भागे
कमरे के बाहर बड़ी संख्या में जूते-चप्पल देख पुलिस को संदेह हुआ। दरवाजा खोलने पर अंदर 5 लोग ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाते मिले। पुलिस को देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और दो आरोपी छत के रास्ते से भाग निकले। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से तीन आरोपी शेख अखर अली (39), निवासी हाट की चौकी, (कब्जे से 410 रुपये जब्त), इस्माईल शेख (35), निवासी ओझाखाली, (कब्जे से 220 रुपये जब्त), शेख रशीद मंडल (35), निवासी मराठों का वास, मोमिनपुरा, (कब्जे से 300 रुपये जब्त) को पकड़ लिया।
इसके अलावा पुलिस ने फड़ (जमीन) से 720 रुपये नकद और ताश के 52 पत्ते भी बरामद किए। कार्रवाई के दौरान कुल 1,650 रुपये नकद जब्त किए गए हैं।
200 रुपये घंटे के हिसाब से तय हुआ था कमरे का किराया
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी इस्माईल शेख ने खुलासा किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर जुआ खेलने की योजना बनाई थी। इसके लिए उन्होंने जाटों का वास निवासी मकान मालकिन 'बाई' से संपर्क किया और 200 रुपये प्रति घंटे के किराए पर पहली मंजिल का कमरा तय किया था। पूछताछ में फरार हुए दोनों आरोपियों की पहचान गोपाल प्रमानिक (निवासी दीनदयाल नगर) और शमीम (निवासी फतेह मस्जिद के पास, हाट रोड) के रूप में हुई है।
मकान मालकिन भी बनी आरोपी
माणक चौक पुलिस ने पकड़े गए तीनों आरोपियों, फरार हुए दो साथियों और जुए के लिए स्थान उपलब्ध कराने वाली मकान मालकिन 'बाई' समेत कुल 6 लोगों के विरुद्ध पब्लिक गेम्बलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पकड़े गए आरोपियों को बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर न्यायालय में उपस्थित होने के लिए पाबंद किया गया है।

