सर्राफा व्यापारी का पूर्व कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड, साथ साथियों के साथ मिलकर बनाई लूट की योजना
रतलाम, 16 अगस्त (इ खबर टुडे)। बिलपांक थाना क्षेत्र अंतर्गत हनुमान चौकी के पास गुरुवार रात बड़नगर से लौट रहे सर्राफा व्यापारी अर्पित चोरड़िया से हुई करोड़ों रुपये के सोना-चांदी की डकैती का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। वारदात की साजिश व्यापारी का पूर्व कर्मचारी ही निकला, जिसने सात अन्य साथियों के साथ मिलकर इस सनसनीखेज लूट को अंजाम दिया था। पुलिस ने मामले में 6 आरोपियों को धर दबोचा है, जबकि 2 फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों की विशेष टीमें गठित कीं। पुलिस ने बड़नगर से रतलाम तक के रास्ते में 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से पूरी कड़ी जोड़ी।
ऐसे रची गई थी लूट की साजिश
जांच में सामने आया कि व्यापारी अर्पित के यहां तीन महीने पहले काम करने वाले मुनीम रोहित नायक (निवासी राम रहीम नगर) ने इस वारदात का ताना-बाना बुना था। रोहित को पता था कि अर्पित नियमित रूप से बड़नगर में आभूषणों का लेनदेन करने जाते हैं। रोहित ने अपने साथ राहुल गुर्जर, अभय गुर्जर, यशवंत गुर्जर, राहुल उर्फ वीर गुर्जर, रवि गुर्जर, मोहम्मद उमर पप्पू और गौरव गुर्जर को शामिल कर व्यापारी की रेकी शुरू कर दी।
चलती बस से छीना था ज्वेलरी से भरा बैग
गुरुवार रात करीब 9:15 बजे व्यापारी अर्पित बड़नगर से काम निपटाकर बस से रतलाम लौट रहे थे। पांच आरोपी बस में सवार हुए, जबकि अन्य साथी गाड़ियों के साथ बाहर मुस्तैद रहे। हनुमान चौकी के पास आरोपियों ने बस रुकवाई। अर्पित के पास बैठे दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर सोना-चांदी से भरा बैग छीना और नीचे खड़े अपने साथियों की गाड़ियों पर बैठकर फरार हो गए।
पुलिस ने करोड़ों रुपये मूल्य का सोना-चांदी बरामद कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपी मास्टर माइंड रोहित नायक और गौरव गुर्जर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस जल्द ही इनाम घोषित कर सकती है। इतनी बड़ी मात्रा में सोना-चांदी मिलने के कारण पुलिस अब आयकर (Income Tax) व संबंधित विभागों को सूचना दे रही है, ताकि बिलों व संपत्ति के दावों का सत्यापन किया जा सके।

