Movie prime

 रतलाम में 14 आदतन बदमाशों का निकला पैदल जुलूस, पुलिस ने कान पकड़वाकर सड़क पर घुमाया

 

 

रतलाम, 03 सितम्बर (इ खबर टुडे)। शहर में गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। लगातार अपराधों में लिप्त और क्षेत्र में हुड़दंग मचाने वाले 14 आदतन बदमाशों को गिरफ्तार कर पुलिस ने गुरुवार को स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में पैदल जुलूस निकाला। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से शहर के आपराधिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस प्रशासन के अनुसार, बुधवार को शहर के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 14 आरोपियों को दबोचा गया था। इसमें दीनदयाल नगर पुलिस ने 6, औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने 4 और स्टेशन रोड थाना पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

कान पकड़वाकर नगर पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक ले गए
गुरुवार दोपहर सभी 14 आरोपियों को स्टेशन रोड थाने पर एकत्र किया गया। इसके बाद पुलिस बल ने सभी आरोपियों से कान पकड़वाकर पैदल जुलूस निकाला, जो स्टेशन रोड थाने से शुरू होकर नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) कार्यालय तक पहुंचा। इसके बाद सभी को पुलिस वाहन से अनुविभागीय अधिकारी (SDM) के समक्ष पेश किया गया।

अपराधियों पर क्षेत्र में आदतन चोरी करना, सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी और हुड़दंग मचाना, क्षेत्र का माहौल खराब कर तनाव फैलाना जैसा आरोप शामिल है। जुलूस के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया, स्टेशन रोड थाने के सब-इंस्पेक्टर मुकेश सस्तिया सहित भारी पुलिस बल साथ मौजूद रहा। सीएसपी ने स्पष्ट किया है कि शहर में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और शांति भंग करने वाले किसी भी बदमाश को बख्शा नहीं जाएगा।