पुरानी रंजिश को लेकर आदिवासी समाज के 'भांजगड़ा' के पैसे की बात पर विवाद, महिला सहित तीन पर मारपीट का आरोप
रतलाम, 06 जून (इ खबर टुडे)। क्षेत्र के ग्राम भोजपुरा में पुरानी रंजिश और आदिवासी रीति-रिवाज के तहत 'भांजगड़ा' (मुआवजे या समझौते) की रकम की बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि लाठियों और थप्पड़ों से मारपीट की गई, जिसमें एक महिला सहित उसके पति को चोटें आई हैं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाजना थाने पर पदस्थ प्रधान आरक्षक नीरज त्यागी ने बताया कि पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित ने बताया कि करीब 4-5 महीने पहले उसने बालचंद के बेटे रूपू के खिलाफ अपनी बेटी से दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। इसके चार दिन बाद ही पीड़ित की बेटी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
इसी घटना के बाद आदिवासी समाज के रीति-रिवाज के अनुसार 'भांजगड़ा' की रकम तय करने की बात चल रही थी। इसी सिलसिले में बालचंद ने पीड़ित पक्ष को अपने खेत पर बातचीत के लिए बुलाया था।
गाली-गलौज के बाद चलीं लाठियां
आरोप है कि बातचीत के दौरान वहां मौजूद हुमजी (पिता कमजी निनामा), कला बाई (पति हुमजी) और लालू (पिता वरसिंह निनामा) का पीड़ित पक्ष से विवाद हो गया। जब पीड़ित ने गाली-गलौज करने से मना किया, तो आरोपी हुमजी ने हाथ में ली लकड़ी (लाठी) से पीड़ित की पीठ और कंधे पर हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने आए पीड़ित के पति को भी आरोपी लालू ने लकड़ी से पीटा, जिससे उनके कमर और पीठ पर चोटें आईं। इस दौरान आरोपी महिला कला बाई ने भी थप्पड़ों से मारपीट की। घटना को पीड़ित की जेठानी सुगना ने देखा और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मारपीट के बाद पीड़ित पक्ष ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने प्रथम सूचना तथ्य (First Information Contents) के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

