रतलाम / खेत पर काम करने गई 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, लूट के बाद हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
रतलाम,21 मई (इ खबर टुडे)। बड़ावदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम रेवास में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां खेत पर कृषि कार्य करने गई एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के कानों से सोने के गहने गायब होने के कारण शुरुआती तौर पर लूट के इरादे से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान तुलसीबाई के रूप में हुई है। मृतका के पुत्र अनोखीलाल राठौर, जो ग्राम पंचायत राजाखेड़ी में सचिव के पद पर पदस्थ हैं, ने बताया कि दोपहर करीब 2:00 बजे उनका बेटा (महिला का पोता) खेत पर दादी को चाय देने गया था। उस समय तुलसीबाई खेत पर सकुशल बैठी हुई थीं।
इसके बाद शाम करीब 5:00 बजे जब परिवार के लोग दोबारा खेत पर पहुंचे, तो वहां का नजारा देख उनके होश उड़ गए। तुलसीबाई खेत में औंधे मुंह पड़ी हुई थीं और उनकी मौत हो चुकी थी।
डेढ़ तोला सोने की बालियां गायब, लूट की नीयत से हत्या की आशंका
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, घटना के समय मृतका के कानों में करीब डेढ़ तोला सोने की बालियां थीं, जो घटना के बाद से गायब मिलीं। मृतका के पुत्र ने आशंका जताई है कि कोई अज्ञात आरोपी लूट की नीयत से खेत में घुसा होगा और पहचान हो जाने के डर से उसने बुजुर्ग मां की बेरहमी से हत्या कर दी।
आंखों से निकला खून, पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। सरसी चौकी प्रभारी शिवेंद्र कुमार ने बताया कि मृतका के पैरों में घुटनों के नीचे चोट के निशान पाए गए हैं। शरीर पर अन्य कोई गंभीर चोट स्पष्ट रूप से नहीं दिखी है, हालांकि मृतका की आंखों से खून निकलने के निशान मिले हैं। कानों की बालियां गायब हैं, लेकिन कान सुरक्षित हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल भी बल सहित घटना स्थल पर पहुंचे और बारीकी से मौका मुआयना किया।

