Movie prime

Ratlam News: रतलाम में आज नेहरू स्टेडियम में 51 फीट व बरबड रोड पर 31 फीट के रावण का होगा दहन, भारी वाहनों का शहर में प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित

 

Ratlam News: असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक विजयादशमी (दशहरा) गुरुवार को मनाया जाएगा। शहर में दो स्थानों पर रावण दहन होगा। नेहरू स्टेडियम में 51 फीट और बरबड़ रोड स्थित विधायक सभागृह के पास 31 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा। रावण दहन से पहले दोनों स्थानों पर आकर्षक आतिशबाजी की जाएगी।

इस बार रावण का पुतला उज्जैन में तैयार करवाया गया है। गुरुवार की शाम को श्री कालिका माता मंदिर से चल समारोह निकाला जाएगा। श्री कालिका माता सेवा मंडल ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस शोभायात्रा में श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान की वेशभूषा में कलाकार रथ पर सवार होंगे। बैंड-बाजों के साथ चलने वाली इस यात्रा में चार झांकियां और ट्रैक्टर-ट्रॉली में गरबा करती बालिकाएं भी शामिल होंगी। शाम 5 बजे प्रारंभ होने वाला चल समारोह नगर निगम, पैलेस रोड, डालूमोदी बाजार, दौलतगंज, घासबाजार, लोकेन्द्र टॉकीज चौराहा, न्यू रोड और दो बत्ती से होता हुआ नेहरू स्टेडियम पहुंचेगा। रावण दहन के बाद यात्रा पुनः श्री कालिका माता मंदिर पहुंचेगी। 

ऐसी रहेगी सुरक्षा व्यवस्था

रावण दहन देखने के लिए हजारों की संख्या में शहरवासी नेहरू स्टेडियम पहुंचेंगे। उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया जाएगा। आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर लॉरी और एम्बुलेंस भी मौके पर मौजूद रहेंगी। बरबड़ रोड स्थित विधायक सभागृह पर होने वाले रावण दहन के दौरान भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

भारी वाहनों का शहर में प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित 

विजया दशमी पर्व पर शहर में नेहरू स्टेडियम और बरबड़ विधायक सभागृह के पास रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। राजस्व, नगर निगम, पुलिस अधिकारी सहित अन्य ने निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। गुरुवार को होने वाले रावण दहन को लेकर बुधवार को राजस्व और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरी व्यवस्था का जायजा लिया। किस मार्ग से लोग आएंगे और जाएंगे उन मार्गों सहित अन्य सुरक्षा संबंधित पहलुओं को देखते हुए निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी अमित कुमार, एसडीएम आर्ची हरित, एएसपी राकेश खाखा, यातायात डीएसपी आनंद सोनी, सहित सभी थानों के थाना प्रभारी, अन्य पुलिस व राजस्व अधिकारी मौजूद रहे। वहीं महापौर प्रहलाद पटेल, निगम की सामान्य प्रशासन समिति प्रभारी धर्मेंद्र व्यास सहित निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। रामरथ यात्रा व रावण दहन के दौरान रूट प्लान तैयार किया गया है।