रतलाम / पानी की टंकी पर चढ़कर 45 वर्षीय अधेड़ ने किया सुसाइड, सरपंच और पुलिसकर्मियो पर लगे गंभीर आरोप
रतलाम, 21 फरवरी (इ खबर टुडे)। जिले की पिपलोदा तहसील में आज सुबह एक 45 वर्षीय अधेड़ ने पानी की टंकी पर चढ़कर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक ने फांसी लगाने से पूर्व टंकी की दीवार पर सरपंच का नाम भी लिखा। मृतक के पास सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमे उसने अपने गाँव के सरपंच, सरपंच के पिता और भाई सहित जावरा आइ ए थाने के पुलिस कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए है। आक्रोशित परिजनों ने शव पिपलोदा रोड पर रखकर चक्काजाम किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जावरा के पिपलोदा तहसील स्थित हरियाखेड़ा ग्राम में आज लक्ष्मीचंद पिता कनीराम 45 वर्षीय ने ग्राम में बनी पानी की टंकी पर चढ़कर फांसी का फंदा लगा लिया। फांसी लगाने से पूर्व मृतक टंकी पर सरपंच का नाम लिखकर गया। मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला है जिसमें उसने सरपंच जितेंद्र पिता पुरुषोत्तम, सरपंच के पिता पुरुषोत्तम पाटीदार और भाई लोकेश सहित औद्योगिक थाना जावरा के पुलिसकर्मियों पर मारपीट एवं झूठी शिकायत में फसाने का गंभीर आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार मृतक लक्ष्मीचंद ने पुलिस अधीक्षक के नाम नौ दिन पूर्व 12 फरवरी शिकायत का आवेदन दिया था। आवेदन में बताया था कि 11 फरवरी की मध्य रात करीब 1:00 बजे वह खेत में फसल को पानी पिलाने का काम कर रहा था तभी अज्ञात चोर आए और खेत में लगी झटका मशीन से करंट की चपेट में आ गए। मेने जाकर तुरंत बटन दबाकर मशीन को बंद किया, तभी अचानक 8 से 10 युवकों ने मारपीट शुरू कर दी और खेत में लगी मशीने को कुएं में फेंक दिया।
वही, मौजूद सरपंच, सरपंच के पिता एवं भाई साथियों के साथ मुझे थाने पर लेकर आए और मुझ पर मशीनों को फेंकने का झूठा आरोप लगाकर पुलिस को शिकायत करने लगे। सरपंच द्वारा की गई शिकायत पर मेरी किसी ने बात नहीं सुनी और मुझे लॉकअप में बंद कर बहुत मारा और जाती सूचक शब्दों से अपमानित किया। सरपंच के कहने पर एक स्टार पुलिस जो कि विकलांग था और एक अन्य पुलिस दोनों ने मिलकर बहुत मारा और प्रताड़ित किया। जिससे मुझे छाती पर गंभीर चोटे आई है।
परिजनों ने किया चक्का जाम
आज सुबह करीब 6:00 बजे मृतक का बडा भाई मांगीलाल पवार जैसे पानी की टंकी पर पहुंचा तो छोटा भाई को फांसी के फंदे पर लटकता देख परिजनों को सूचित किया। आक्रोशित परिजनों ने पिपलोदा रोड स्थित ओवर ब्रिज पर शव को रखकर चक्का जाम कर दिया। मृतक के परिजन सरपंच के अवैध मकान को तोड़ने, प्रकरण दर्ज करने और मामले में मारपीट करने वाले पुलिसकर्मी को सस्पेंड करने की मांग करने लगे। सूचना मिलने पर सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार, तहसीलदार और सीएसपी भी मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन पर परिजन माने ओर शव को अंतिम संस्कार के लिए घर ले गए।

