सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन स्टेशन पर लगाया जाएगा 150 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर प्लांट
रतलाम, 24 नवंबर(इ खबर टुडे)। वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महापर्व के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पश्चिम रेलवे का रतलाम मंडल व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रहा है। इसी क्रम में उज्जैन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 8 की ओर निर्माणाधीन लगभग 3600 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के यात्री सुविधा केंद्र(पैसेंजर होल्डिंग एरिया) में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 150 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर पावर प्लांट स्थापित किया जाएगा।
मंडल रेल प्रबंधक रतलाम अश्वनी कुमार के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर (पावर) धर्मेंद्र कुमार प्रजापति के निर्देशन में इस परियोजना को मूर्त रूप दिया जा रहा है। इस पहल से रेलवे की पारंपरिक ऊर्जा पर निर्भरता कम होगी तथा स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस सोलर प्लांट में 600 से 625 वॉट क्षमता के कुल 240 सोलर मॉड्यूल लगाए जाएंगे। इससे प्रतिवर्ष लगभग 2.55 लाख यूनिट विद्युत ऊर्जा का उत्पादन होने का अनुमान है। इसके परिणामस्वरूप रेलवे को प्रतिवर्ष लगभग 20.40 लाख रुपये की बचत होगी तथा करीब 181 टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आएगी।
उल्लेखनीय है कि यात्री सुविधा केंद्र के लिए पूर्व में 120 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट प्रस्तावित था, जिसे बढ़ाकर अब 150 किलोवाट कर
दिया गया है। इस कार्य के लिए टेंडर आवंटित कर दिए गए हैं तथा शीघ्र ही सोलर प्लांट की स्थापना का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इस परियोजना की एक विशेषता यह भी है कि सोलर पैनल लगाने के लिए शेड की छत में किसी प्रकार की ड्रिलिंग नहीं की जाएगी। इसके लिए विशेष मोनो रेल एवं एडहेसिव बॉन्डिंग तकनीक अपनाई जाएगी। इससे छत की संरचना सुरक्षित रहेगी और वर्षा जल का प्राकृतिक प्रवाह भी बाधित नहीं होगा।
सिंहस्थ-2028 के मद्देनजर विकसित की जा रही यह सुविधा न केवल रेलवे की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में सहायक होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा दक्षता और हरित रेलवे की दिशा में रतलाम मंडल की प्रतिबद्धता को भी दर्शाएगी।

