रतलाम / 90 लाख की जमीन धोखाधड़ी मामला : फरार सैय्यद अख्तर अली सहित 5 आरोपियों पर इनाम घोषित
रतलाम, 28 मार्च (इ खबर टुडे)। जमीन सौदे में 90 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी सैय्यद अख्तर अली सहित उसके परिवार के पांच सदस्यों पर पुलिस अधीक्षक ने 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इससे पहले 25 मार्च को न्यायालय द्वारा सभी आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर दी गई थी।
क्या है पूरा मामला
फरियादी विजय कटारिया ने स्टेशन रोड थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि वर्ष 2021 में सर्वे नंबर 221/1 और 221/2 की कुल लगभग 4.47 हेक्टेयर भूमि का सौदा 2 करोड़ 70 लाख रुपये में हुआ था। यह सौदा अख्तर अली, अफसर अली, मोहब्बत अली, अल्ताब बी और फिरोज बी के साथ तय हुआ था। करार के अनुसार फरियादी ने 90 लाख रुपये एडवांस दिए थे, जबकि शेष राशि रजिस्ट्री के समय दो वर्ष बाद देना तय हुआ था। आरोप है कि बार-बार आग्रह के बावजूद आरोपियों ने न तो रजिस्ट्री करवाई और न ही एडवांस राशि लौटाई।
जांच में सामने आया बड़ा खेल
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि संबंधित भूमि पहले से बैंक में गिरवी रखी गई थी। आरोपियों ने कथित रूप से लोन चुकाने के बाद आपसी मिलीभगत से पूरी जमीन की रजिस्ट्री अख्तर अली के नाम कर दी। इसके बाद अख्तर अली ने जमीन अपने बेटे मुर्तजा अली के नाम कर दी, जिसने आगे उसी जमीन को HDFC Bank में गिरवी रखकर फिर से लोन ले लिया।
अब तक नहीं हुई गिरफ्तारी
मामले में दो महिलाओं सहित पांच आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया गया है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश जारी है।
पहले भी उजागर हो चुका मामला
इस पूरे मामले का खुलासा ‘राग रतलामी’ कॉलम में किया गया था, जिसमें आरोपियों द्वारा कथित रूप से सरकारी और निजी बैंकों के साथ भी धोखाधड़ी करने की जानकारी सामने आई थी।

