Movie prime

डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना से 87 युवाओं को मिला स्वरोजगार का संबल ,योजना में 87 हितग्राहियों को मिला 34.94 लाख रुपये का ऋण

 

रतलाम 9 जुलाई(इ खबर टुडे ) । जिला अन्त्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित, रतलाम ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में संचालित डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना के अंतर्गत जिले में निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त की है ।

योजना के तहत 87 हितग्राहियों का लक्ष्य निर्धारित था। इसके विरुद्ध 115 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 87 प्रकरण स्वीकृत कर सभी हितग्राहियों को कुल 34 लाख 94 हजार रुपये का ऋण वितरित किया गया। योजना के माध्यम से पात्र युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

 

कार्यपालन अधिकारी, जिला अन्त्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भी डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति वर्ग के युवक-युवतियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। 

योजना के तहत 18 से 55 वर्ष आयु के ऐसे आवेदक जो आयकरदाता न हों, वे स्वयं का व्यवसाय अथवा सेवा इकाई स्थापित करने के लिए 10 हजार से  1 लाख रूपये तक के ऋण हेतु आवेदन कर सकते हैं। नियमित ऋण भुगतान करने पर अधिकतम 5 वर्ष तक 7 प्रतिशत ब्याज अनुदान का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।

 

योजना के लिए आवेदन एमपीऑनलाइन पोर्टल samast.mponline.gov.in  के माध्यम से किए जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला अन्त्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित, महलवाड़ा, रतलाम कार्यालय अथवा दूरभाष क्रमांक 07412-235380 पर संपर्क किया जा सकता है।