Movie prime

रतलाम / सुरक्षाकर्मी पर हमला कर बाल संप्रेक्षण गृह से 7 बाल अपचारी फरार, 6 गिरफ्तार; 1 की तलाश जारी

 

रतलाम,09अगस्त(इ खबर टुडे)। बिरयाखेड़ी स्थित शासकीय बाल संप्रेक्षण गृह में शनिवार-रविवार की मध्य रात्रि सात बाल अपचारी सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट कर दिवार फांद कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामली थाना क्षेत्र से छह बाल अपचारियों को अभिरक्षा में ले लिया है, जबकि घटना का मास्टरमाइंड माना जा रहा एक बाल अपचारी अब भी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें जगह-जगह दबिश दे रही हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार-रविवार की देर रात बाल संप्रेक्षण गृह में मौजूद सुरक्षा गार्ड पर हमला कर दीवार कूद कर सातों बाल अपचारी वहां से भाग निकले। वारदात के तुरंत बाद पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, एसडीएम तरुण जैन, नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया, औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया।

​बलात्कार और हत्या जैसे गंभीर मामलों में थे बंद
फरार हुए बाल अपचारियों में दो बलात्कार और एक हत्या जैसे संगीन अपराध के मामलों में संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध थे। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, अदालत में बार-बार याचिका दायर करने के बाद भी जमानत नहीं मिलने से असंतोष के चलते इन्होंने भागने की योजना बनाई थी।

​पूछताछ में जुटी पुलिस
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के कुछ ही समय बाद छह आरोपियों को नामली क्षेत्र से पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस पकड़े गए बाल अपचारियों से पूछताछ कर रही है और फरार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी की जा रही है। बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था की कमियों और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है।