Movie prime

बड़ी वारदात से पहले पुलिस की मुस्तैदी: रतलाम में अवैध हथियारों के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

 

 

 

 

​रतलाम,19 जून(इ खबर टुडे)। जिले में अपराधियों और अवैध हथियारों पर नकेल कसने के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत औद्योगिक क्षेत्र पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक बड़ी गैंगवार और संभावित खूनी संघर्ष को टाल दिया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो अवैध पिस्टल, 6 जिंदा कारतूस और दो वाहनों के साथ 6 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।

​पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मैं आज दोपहर शुक्रवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर बताया कि घटना से पहले रेलवे स्टेशन के समीप दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर आपसी झगड़ा हुआ था। इसी झगड़े का बदला लेने और उसे बड़े विवाद का रूप देने के उद्देश्य से दोनों गुटों के युवक अवैध हथियार इकट्ठा कर सड़कों पर निकले थे। लेकिन इससे पहले कि शहर में कोई बड़ी वारदात या गैंगवार होती, मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया।

​ऐसे आए पुलिस की गिरफ्त में
​पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि गुरुवार रात को औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस द्वारा सैलाना रोड स्थित सिद्ध विनायक कॉलोनी के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पलसोड़ा की ओर से एक पल्सर मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा स्कूटी पर सवार कुछ युवक तेज गति से आते हुए दिखाई दिए।

​संदेह होने पर पुलिस टीम ने दोनों वाहनों को रोककर पूछताछ की और तलाशी ली। तलाशी के दौरान ​रोहित उर्फ कृष्णा माली की कमर से एक अवैध पिस्टल (मैगजीन सहित) तथा 04 जिंदा कारतूस बरामद हुए। ​जितेन्द्र उर्फ बड़ा गोलू की कमर से एक अवैध पिस्टल (मैगजीन सहित) एवं 02 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

​जब आरोपियों से हथियारों के वैध दस्तावेज या लाइसेंस मांगे गए, तो वे कोई भी अनुमति पत्र नहीं दिखा पाए और पूछताछ में एक-दूसरे पर जिम्मेदारी टालने लगे। इसके अलावा वाहन चालकों के पास ड्राइविंग लाइसेंस व गाड़ियों के जरूरी कागजात भी नहीं मिले।

​गिरफ्तार आरोपी
​रोहित उर्फ कृष्णा पिता नरेन्द्र माली (19 वर्ष), निवासी: इंदौर (हाल मुकाम: विनोबा नगर, रतलाम)
​वरुण उर्फ बंटी पिता नन्दकिशोर भार्गव (23 वर्ष), निवासी: बाजनखेड़ा, थाना स्टेशन रोड, रतलाम
​अबरार हुसैन पिता जाकिर हुसैन (26 वर्ष), निवासी: पीएंडटी कॉलोनी, रतलाम
​जितेन्द्र उर्फ बड़ा गोलू पिता राजेन्द्र सिंह सोलंकी (34 वर्ष), निवासी: ओल्ड रेलवे कॉलोनी, रतलाम (मुख्य आरोपी, जिसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है)
​दीपेश उर्फ छोटा गोलू पिता अशोक पाल (22 वर्ष), निवासी: ओल्ड रेलवे कॉलोनी, रतलाम
​दीपांशु पिता गोपाल डाबी मालवीय (20 वर्ष), निवासी: ग्राम भामल, थाना थांदला, जिला झाबुआ

​जब्त मशरूका
​पुलिस ने मौके से 02 अवैध लोहे की पिस्टल, 06 जिंदा कारतूस (7.65 बोर), 01 पल्सर मोटरसाइकिल ​(क्रमांक MP-43-ZJ-7000)
​01 एक्टिवा स्कूटी (क्रमांक MP-ZH-0933) कुल ₹1,80,000/- (अनुमानित कीमत) का माल जब्त किया है।

​पुलिस ने दोनों अवैध पिस्टल, कारतूस और वाहनों को विधिवत जब्त कर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 3/181, 39/192 एवं 146/196 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें रवाना की गई हैं।

​सराहनीय भूमिका
​इस पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक रतलाम सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में उप निरीक्षक अशोक दीक्षित, सहायक उप निरीक्षक विनोद कटारा, आरक्षक इमरान खान, पवन मेहता, कान्हा, रविराज सिंह, मोहन चौहान, रवि चंदेल, राजेश सेंगर, किशन तथा शासकीय वाहन चालक मयंक की विशेष व सराहनीय भूमिका रही।