कांग्रेस संगठन में सुधार की मांग: रतलाम के 5 कार्यकर्ता साइकिल से दिल्ली रवाना, 'एक व्यक्ति-एक पद' लागू करने पर अड़े
रतलाम, 30 अगस्त(इ खबर टुडे)। कांग्रेस संगठन में 'एक व्यक्ति-एक पद' का सिद्धांत लागू करने और सक्रिय कार्यकर्ताओं को तवज्जो देने की मांग को लेकर रतलाम जिले के पांच युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखा कदम उठाया है। ये कार्यकर्ता शनिवार शाम जावरा से दिल्ली के लिए साइकिल से रवाना हुए हैं। करीब 650 किलोमीटर की यात्रा तय कर 10 दिन में दिल्ली पहुंचकर वे वरिष्ठ नेता और सांसद राहुल गांधी के समक्ष अपनी बात रखेंगे।
साइकिल यात्रा पर निकले कार्यकर्ताओं में लसुड़ियाखेड़ी के सरपंच प्रतिनिधि विजय बना, जितेंद्र डिंडोर, मुकेश गरवार, गौरव पोरवाल और सुमित अटोरिया शामिल हैं। दिल्ली रवानगी से पहले उन्होंने जावरा बस स्टैंड स्थित पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद समर्थकों की नारेबाजी के बीच वे प्रतिदिन 70 से 80 किलोमीटर का सफर तय करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़े।
मांगें और मुख्य आरोप
एक व्यक्ति-एक पद का पालन: संगठन में किसी भी नेता को एक से अधिक जिम्मेदारी न दी जाए, ताकि जमीनी स्तर पर काम कर रहे अन्य कार्यकर्ताओं को मौका मिल सके। जिला कार्यकारिणी के गठन में निष्ठावान और सोशल मीडिया से लेकर धरातल पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप लगाया।
विजय बना के अनुसार, कई पदाधिकारी सार्वजनिक मंचों पर भाजपा नेताओं को शुभकामनाएं देकर पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेता केवल पंचायत या नगरीय निकाय चुनावों में टिकट की दावेदारी के समय सक्रिय होते हैं, जबकि लोकसभा-विधानसभा चुनावों में गायब रहते हैं। कार्यकर्ताओं ने साफ किया कि राहुल गांधी से मिले बिना वे दिल्ली से वापस नहीं लौटेंगे और जरूरत पड़ने पर उनके निवास के बाहर इंतजार करेंगे।
नेतृत्व का पक्ष
मामले पर जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत ने कहा कि हाईकमान की गाइडलाइन के मुताबिक 50 सदस्यीय जिला कार्यकारिणी बनाई गई है। चार विधानसभा क्षेत्रों का संतुलन बनाते हुए सभी को साथ लेकर काम किया जा रहा है। हजारों कार्यकर्ताओं में से हर एक को कार्यकारिणी में शामिल करना संभव नहीं है।

