खूनी संघर्ष और फायरिंग मामला: दोनों पक्षों के 5 आरोपी गिरफ्तार, 6 अब भी फरार; 3 घायलों का उपचार जारी
रतलाम, 27 जून(इ खबर टुडे)। जिले के कालूखेड़ा थाना अंतर्गत ग्राम जेठाना में गुरुवार की रात हुए भीषण खूनी संघर्ष और फायरिंग के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल 5 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस हिंसक झड़प में शामिल 6 अन्य आरोपी अभी भी पुलिस गिरफ्त से दूर हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। संघर्ष में गंभीर रूप से घायल हुए तीन लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित कुमार ने स्वयं घटनास्थल का मुआयना कर स्थिति का जायजा लिया और थाना पुलिस को दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
थाना प्रभारी शंकर सिंह चौहान ने बताया कि गुरुवार दोपहर को जेठाना गांव का निवासी लक्की सिंह राजपूत और आंजना परिवार की एक युवती अचानक लापता हो गए थे। युवती के परिजनों ने इस संबंध में थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने लक्की सिंह पर शक जाहिर किया था। दोपहर में लड़की पक्ष के लोग लड़के के घर पहुंचे थे, जहाँ बातचीत के बाद विवाद शांत हो गया था।
रात में मामा पक्ष के आते ही भड़की हिंसा, चली गोलियां
शांति का यह माहौल रात होते-होते खूनी संघर्ष में बदल गया। पुलिस के अनुसार, रात में लड़की के मामा पक्ष और अन्य रिश्तेदार वहाँ पहुंचे और लड़के पक्ष के परिवार के साथ विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चल गए और फायरिंग शुरू हो गई। इस हिंसक झड़प में ऋतुराज पिता जगदीश आंजना (33), जगदीश पिता भंवरलाल आंजना (50) और विक्रम पिता वजहराम आंजना (40) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस की कार्रवाई: दोनों पक्षों से ये हुए गिरफ्तार
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तारियां शुरू कर दी हैं। आधिकारिक जानकारी के अनुसार एक पक्ष के विभिन्न धाराओं के तहत आरोपी शंकरलाल पिता मन्नालाल आंजना उम्र 70 वर्ष, निवासी जेठाना, विजय पिता जीवनलाल आंजना उम्र 26 वर्ष, निवासी जेठाना, अमृतलाल पिता किशनलाल आंजना उम्र 40 वर्ष, निवासी जेठाना को गिरफ्तार किया। वही, दूसरे पक्ष आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत आरोपी दिलावरसिंह उर्फ बन्नूसिंह पिता दलपतसिंह राजपूत उम्र 45 वर्ष, निवासी जेठाना, भेरुसिंह पिता सरदारसिंह राजपूत उम्र 34 वर्ष, निवासी माउखेड़ी, थाना भावगढ़, जिला मंदसौर को गिरफ्तार किया।
गाँव में शांति, फरार आरोपियों की तलाश जारी
थाना प्रभारी श्री चौहान ने बताया कि इस खूनी संघर्ष में शामिल अन्य 6 फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद एहतियात के तौर पर गाँव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वर्तमान में जेठाना गांव में स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में और शांतिपूर्ण है।

