Movie prime

 रतलाम पुलिस की बड़ी कार्यवाही / पंजाब जा रहे दो ट्रकों से 46 किलो डोडाचूरा जब्त, 3 तस्कर गिरफ्तार
​​​​​​​

 केले के ट्रक और स्टेपनी के अंदर छिपाई थी खेप, कुल 32.30 लाख रु. का मशरूका जब्त
 

 

रतलाम, 24 जून (इ खबर टुडे)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर नाकाबंदी कर पंजाब जा रहे दो अलग-अलग ट्रकों से कुल 46 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद करने में सफलता हासिल की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार और वाहनों की कीमत मिलाकर कुल 32.30 लाख रु. का मशरूका जब्त किया गया है। मामले में पंजाब के तीन शातिर तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा गया है।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश गाडरिया के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।

ट्रक की स्टेपनी में छिपाई थी 26 किलो मौत
थाना प्रभारी प्रकाश गाडरिया को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मंदसौर की ओर से आ रहे एक अशोक लीलैंड ट्रक (क्रमांक PB07CD6340) में डोडाचूरा छिपाकर पंजाब ले जाया जा रहा है। पुलिस टीम ने तत्काल जावरा-उज्जैन रोड स्थित जिंदल स्टील के सामने नाकाबंदी की।

जब संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी गहन तलाशी ली गई, तो पुलिस भी हैरान रह गई। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए ट्रक की स्टेपनी टायर के भीतर डोडाचूरा छिपा रखा था। स्टेपनी को खोलने पर उसके अंदर से सफेद प्लास्टिक की 26 थैलियों में कुल 26 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपी: बलविन्दर सिंह पिता करनेल सिंह (46 वर्ष), निवासी शाहपुर, थाना कोराली, जिला मोहाली (पंजाब)।

जब्ती: 26 किलो डोडाचूरा (कीमत 1,30,000) और ट्रक (कीमत 15,00,000)।

केस दर्ज: अपराध क्रमांक 359/2026, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट।

कच्चे केलों के बीच केबिन में मिला 20 किलो डोडाचूरा
पहली सफलता के तुरंत बाद पुलिस को एक और बड़ी इनपुट मिली। सूचना थी कि एक अन्य अशोक लीलैंड ट्रक (क्रमांक PB13BE1576), जिसमें कच्चे केले लदे हुए हैं, उसके केबिन में डोडाचूरा छिपाकर मंदसौर की तरफ से पंजाब ले जाया जा रहा है।

पुलिस ने जावरा-उज्जैन रोड स्थित धाकड़ चौराहा पर नाकाबंदी कर इस ट्रक को घेरा। तलाशी के दौरान ट्रक के केबिन में डिस्को रस्सी से बंधी एक सफेद प्लास्टिक की थैली मिली, जिसे खोलने पर 20 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपी
गुरप्रीत सिंह पिता गुरदीप सिंह मजवी (32 वर्ष), निवासी दानावाला, जिला बरनाला (पंजाब)।

मलकीत सिंह पिता करनेल सिंह रंधावा (47 वर्ष), निवासी लोंगवाल, जिला संगरूर (पंजाब)।

जब्ती: 20 किलो डोडाचूरा (कीमत 1,00,000) और केलों से लदा ट्रक कीमत 15,00,000)।

केस दर्ज: अपराध क्रमांक 360/2026, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट।

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, दोनों ही मामलों में आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान तस्करों से अवैध मादक पदार्थ के मुख्य स्रोत (सप्लायर) और पंजाब में फैले इस पूरी ड्रग्स सप्लाई चेन के नेटवर्क से जुड़े अन्य सफेदपोशों के बारे में विस्तृत पूछताछ की जाएगी।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इन दोनों ही बैक-टू-बैक सफल कार्रवाइयों में निरीक्षक प्रकाश गाडरिया, उप निरीक्षक कुलदीप डाबी, उप निरीक्षक कन्हैया अवास्या, सहायक उप निरीक्षक नरेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक धीरेन्द्र सिंह, आरक्षक गोविन्द, कमलेश, मनोज, बालकृष्ण, दीपक, कारूलाल एवं संजय सोनावा की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही। एसपी अमित कुमार ने पूरी टीम की पीठ थपथपाई है।