Movie prime

 रतलाम में आबकारी विभाग की कार्रवाई: डेलनपुर टोल पर 42 पेटी अवैध शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार  

 

 

रतलाम, 05 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। रतलाम जिले में आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। धामनोद-रतलाम मार्ग पर स्थित डेलनपुर टोल प्लाजा के पास चेकिंग के दौरान आबकारी विभाग की टीम ने एक फोर्स तूफान गाड़ी से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। 
​
​सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रकाश चंद्र केरवार के अनुसार, विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धामनोद मार्ग से अवैध मदिरा का परिवहन किया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर आबकारी उपनिरीक्षक अर्पित पांडे और उनकी टीम ने डेलनपुर टोल के पास नाकाबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया।  

​वाहन से 42 पेटी शराब बरामद
​चेकिंग के दौरान एक फोर्स तूफान वाहन (क्रमांक GJ 09 BM 2538) को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से बिना किसी वैध पास या परमिट के कुल 42 पेटी अवैध शराब जब्त की गई। इसमें ​माउंट 6000 बीयर 22 पेटियां , ​बोल्ट बीयर 10 पेटियां, ​देशी मदिरा प्लेन 10 पेटियां शामिल हैं।
​
​जब्त की गई मदिरा एवं प्रयुक्त वाहन की कुल अनुमानित कीमत 11,45,000 रुपये (ग्यारह लाख पैंतालीस हजार रुपये) आंकी गई है।  

​मामले में आबकारी विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन में सवार 02 आरोपियों को निरुद्ध कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) और 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। फिलहाल विभाग आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और कहां पहुंचाई जानी थी।