Movie prime

 मनरेगा में बड़ी कार्रवाई: रतलाम जिला पंचायत CEO वैशाली जैन के सख्त रुख से 35.83 लाख रुपये की रिकवरी, 771 मामलों में एक्शन

 

 

​रतलाम,10 सितंबर(इ खबर टुडे)। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) में शासकीय धन के दुरुपयोग और लापरवाही पर जिला प्रशासन ने कड़ा एक्शन लिया है। जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन के निर्देशों पर जिले की 6 जनपद पंचायतों में निष्फल व्यय और वित्तीय अनियमितताओं के कुल 771 मामलों से 35,83,542 रुपये की वसूली की गई है। इसमें 32.96 लाख रुपये निष्फल कार्यों से और 2.87 लाख रुपये अन्य मदों से वसूल किए गए हैं।

​कार्रवाई में जनपद पंचायत रतलाम सबसे आगे रही, जहां सर्वाधिक 13.76 लाख रुपये की रिकवरी की गई। सीईओ वैशाली जैन ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि मनरेगा में किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ निरंतर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

जनपद पंचायत रतलाम में सबसे अधिक 211 निष्फल व्यय कार्यों से 13,51,673 रुपये तथा अन्य मदों से 25,166 रुपये मिलाकर कुल 13,76,839 रुपये की वसूली की गई। जनपद पंचायत जावरा में 113 कार्यों से 4,24,520 रुपये तथा अन्य 1,61,118 रुपये मिलाकर कुल 5,85,638 रुपये वसूल किए गए। जनपद पंचायत बाजना में 96 कार्यों से 4,45,566 रुपये तथा अन्य 1,01,181 रुपये मिलाकर कुल 5,46,747 रुपये की रिकवरी हुई। जनपद पंचायत आलोट में 141 कार्यों से निष्फल व्यय की कुल 4,02,247 रुपये राशि वसूल की गई। जनपद पंचायत पिपलौदा में 109 निष्फल व्यय कार्यों से कुल 3,71,271 रुपये की वसूली की गई। जनपद पंचायत सैलाना में 101 कार्यों के सापेक्ष कुल 3,00,800 रुपये की राशि वसूल की गई।

कुल 771 निष्फल कार्यों से निष्फल व्यय से कुल 32,96,077 रुपये तथा अन्य मदों से 2,87,465 रुपये की राशि वसूल की गई है। इस प्रकार कुल 35,83,542 रुपये की राशि वसूल की गई है।

सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन ने स्पष्ट किया है कि मनरेगा योजना में पारदर्शिता और शासकीय धन का सही उपयोग प्राथमिकता है। भविष्य में भी योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही, निष्फल व्यय या वित्तीय अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ निरंतर कठोर कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई जारी रहेगी।