Movie prime

Ratlam News: 3 बदमाशों ने नागदा की महिला को 40 घंटे रखा डिजिटल अरेस्ट, पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार 

 

Ratlam News: रतलाम शहर के नेहरू नगर और ग्राम गुणावद के तीन बदमाशों ने मिलकर नागदा क्षेत्र की 50 साल की महिला को 40 घंटे तक डिजिटल अरेस्ट किया। आरोपियों ने क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर बनकर महिला से 5 लाख रुपए से ज्यादा ठग लिए। शिकायत पर बिरला ग्राम थाना पुलिस ने सायबर सेल की तकनीकी सहायता से, मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल व लोकेशन के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से ढाई लाख रुपए और तीन मोबाइल जब्त किए। आरोपियों में एक युवती भी शामिल है।

बिरला ग्राम के वसंत विहार कॉलोनी निवासी सरोज माली (50) पति कुंदनलाल माली ने बिरला ग्राम थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इसमें बताया कि राजेश उर्फ राज ने अपनी महिला साथी व एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर बनकर फोन लगाया और जेल में डालने व नागदा से उठवाने की धमकी दी।

महिला को 12 अगस्त की शाम 6 बजे आरोपियों ने फर्जी क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर बनकर 14 अगस्त तक 40 घंटों तक डिजिटल अरेस्ट कर ठगी की घटना को अंजाम दिया। आरोपियों ने महिला को धमकाकर 5 लाख 9 हजार रुपए अवैध रूप से वसूल लिए। शिकायत पर ग्राम बिरला पुलिस ने आरोपियों पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने एक टीम गठित कर आरोपियों को पकड़ा

घटना गंभीर प्रकृति व सायबर फ्रॉड से संबंधित होने के कारण वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। सायबर सेल की तकनीकी सहायता से आरोपियों के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल व लोकेशन के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी राजेश उर्फ राज (25), बलराम (32) पिता वरदीराम जाट दोनों निवासी ग्राम गुणावद और युक्ति (25) प्रमेंद्र बैरागी निवासी नेहरू नगर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी राजेश उर्फ राजा से 1 लाख रुपए, बलराम के कब्जे से 89 हजार और आरोपी युक्ति से 1 लाख रुपए और तीन मोबाइल जब्त किए।

कार्रवाई में खाचरौद थाना प्रभारी धन सिंह नलवाया, बिरलाग्राम थाने के उपनिरीक्षक जितेंद्र पाटीदार, सायबर सेल के उनि. प्रतीक यादव व टीम सहायक उपनिरीक्षक भूरिया मोहरे, गणेश पाल, गोपाल चावला, शर्मिष्ठा शुक्ला, हेमराज गुर्जर, संदीप यादव, चेतन जायसवाल, महेश परमाल की भूमिका रही।