रतलाम में PRKP का 24वाँ जोनल अधिवेशन संपन्न: शैलेश म्हात्रे बने अध्यक्ष, प्रशांत पांडे चुने गए महामंत्री
रतलाम,26 अक्टूबर(इ खबर टुडे)। भारतीय मजदूर संघ (BMS) से संबद्ध पश्चिम रेलवे कर्मचारी परिषद (PRKP) का 24वाँ जोनल कार्यकर्ता अधिवेशन एवं कर्मचारी संवाद 25 अक्टूबर को रतलाम रेलवे कॉलोनी स्थित सांस्कृतिक सभागृह में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अधिवेशन में पश्चिम रेलवे के सभी छह मंडलों से आए सैकड़ों पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं रेलवे कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारी हितों, संगठनात्मक मजबूती तथा रेलवे कर्मचारियों की ज्वलंत समस्याओं के समाधान पर विस्तृत चर्चा की गई।
अधिवेशन में विशिष्ट अतिथि के रूप में मंदसौर सांसद एवं रेलवे संबंधी संसदीय स्थायी समिति के सभापति सुधीर गुप्ता तथा मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भारतीय मजदूर संघ के उपाध्यक्ष एवं रेल प्रभारी श्री अशोक शुक्ला ने अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री सुल्तान सिंह शेखावत, के मंगेश देशपांडे, जोनल संगठन महामंत्री शिवलहरी शर्मा, प्रभारी श्री त्रिपाठी, भाजपा जिला अध्यक्ष सहित BMS व BRMS के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर्स यूनियन (AIRTU) से राजेश यादव व अजय मौर्य, रतलाम OBC एसोसिएशन से अजय तथा ST स्ट्रगल कमेटी (पश्चिम रेलवे) के जनरल अध्यक्ष हरिनारायण मीणा भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
आठवें वेतन आयोग व कर्मचारी मांगों पर चर्चा
अधिवेशन के प्रथम सत्र में वक्ताओं ने आठवें वेतन आयोग के गठन/कार्यान्वयन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों तथा रेलवे के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा और उनकी जायज मांगों के निराकरण के लिए संगठित प्रयास, प्रभावी संवाद और सभी मंडलों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
नई जोनल कार्यकारिणी का गठन
द्वितीय सत्र में पुरानी जनरल बॉडी को भंग कर सर्वसम्मति से नई जोनल कार्यकारिणी का चयन किया गया। जिसमें जोनल अध्यक्ष शैलेश म्हात्रे (मुंबई मंडल), जनरल महामंत्री प्रशांत पांडे, कोषाध्यक्ष जोगेंद्र सिंह राठौड़ (रतलाम मंडल) चुने गए। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से अपेक्षा व्यक्त की गई कि वे संपूर्ण पश्चिम रेलवे में कर्मचारियों की आवाज को मजबूती से उठाएंगे और संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।
PRKP रतलाम मंडल की ओर से कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों, विभिन्न रेलवे संगठनों के प्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम की जानकारी धीरज प्रजापति (सहायक मंडल मंत्री एवं मीडिया प्रभारी, PRKP रतलाम मंडल) द्वारा दी गई।

