रतलाम पुलिस की सफलता / 2.90 लाख की एमडी ड्रग्स के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार
रतलाम, 17 जुलाई (इ खबर टुडे)। पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' के तहत रतलाम पुलिस को अवैध मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना जावरा शहर पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 29.05 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स जब्त की है। जब्त की गई ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 2,90,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम ग्रामीण श्री विवेक कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराजसिंह चौहान के निर्देशन व थाना प्रभारी जावरा शहर निरीक्षक दीपक कुमार मण्डलोई के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक राकेश मेहरा व उनकी टीम को मुखबिर से पुख्ता सूचना प्राप्त हुई।
सूचना पर त्वरित एक्शन लेते हुए पुलिस टीम ने आज अजमेरी गेट भीमाखेड़ी चौराहा रोड, सीताराम बाग के सामने घेराबंदी की। यहाँ से संदेही हुसैन खान (उम्र 26 वर्ष) को रोककर तलाशी ली गई, जिसके पास से 29.05 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
पूछताछ में हुआ मुख्य सप्लायर का खुलासा
पुलिस ने आरोपी हुसैन खान को हिरासत में लेकर थाना जावरा शहर में अपराध क्रमांक 259/2026, धारा- 8/22, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। सख्ती से पूछताछ में आरोपी हुसैन ने बताया कि वह यह ड्रग्स फारुख मेवाती नाम के व्यक्ति से खरीदकर सप्लाई करता था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सह-आरोपी फारुख को भी मोमिनपुरा (जावरा) से धरदबोचा।
कोर्ट से मिला पुलिस रिमांड, खुलेगे कई बड़े राज
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर पुलिस रिमांड (PR) प्राप्त किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपियों से नशे के इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य नेटवर्क, सप्लायरों और स्थानीय खरीदारों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय अन्य तस्करों के चेहरों से भी नकाब हटाया जा सके।
सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार मण्डलोई के साथ उपनिरीक्षक राकेश मेहरा, सउनि सगीर खान, प्रधान आरक्षक जाकिर खान, मृदंग सातपुते, राहुल उपाध्याय, शैलेन्द्रसिंह, ललितसिंह जगावत, आरक्षक राजेश पंवार, चन्द्रशेखर खटवड़, सूरेन्द्रसिंह सिसौदिया, राजेश पटेल, नारायणसिंह, सुगड़सिंह, चेनराम पाटीदार, भोमसिंह पंवार, रणजीत, संदीप, मोहित नोगिया एवं देवेन्द्र शर्मा की विशेष व सराहनीय भूमिका रही।

