रतलाम पुलिस की कार्रवाई: बिना हेलमेट सड़कों पर निकले 1374 वाहन चालक, वसूला 4 लाख से ज्यादा का जुर्माना
रतलाम,10 मई (इ खबर टुडे)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को सुरक्षित सफर के प्रति जागरूक करने के लिए रतलाम पुलिस द्वारा चलाया जा रहा विशेष अभियान रंग ला रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के निर्देशन में जिले भर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार किया गया है। पिछले 14 दिनों के भीतर पुलिस ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 1374 चालकों पर कार्रवाई करते हुए 4,09,200 रुपये का समन शुल्क वसूला है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन एवं डीएसपी यातायात आनंद सोनी के नेतृत्व में यातायात विभाग की टीमें शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सक्रिय हैं। पुलिस का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों के व्यवहार में बदलाव लाना है। प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस अधिकारी वाहन चालकों को रोककर यह समझा रहे हैं कि "हेलमेट चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जान बचाने के लिए है।"
विवरण आंकड़े
कुल चालानी कार्रवाई 1374 चालक
कुल वसूला गया शुल्क 4,09,200
अभियान की अवधि 14 दिन
पुलिस की अपील
रतलाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें। पुलिस के अनुसार, सड़क सुरक्षा किसी एक विभाग की नहीं बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। एक छोटी सी सावधानी न केवल चालक की जान बचा सकती है, बल्कि उसके परिवार को भी असुरक्षित होने से बचा सकती है।

