Movie prime

 रतलाम / महू-नीमच हाईवे पर बोलेरो पिकअप से 125 पेटी अवैध शराब व बीयर जब्त

 ​जब्त शराब और वाहन सहित कुल 12.96 लाख रुपये का मश्रुका बरामद, अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज
 

 

रतलाम,26 नवम्बर (इ खबर टुडे)। जिले में अवैध शराब के कारोबार और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नामली थाना पुलिस ने गुरुवार को एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महू-नीमच हाईवे स्थित धोंसवास के पास घेराबंदी कर एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त की है। शराब और तस्करी में प्रयुक्त वाहन सहित कुल 12 लाख 96 हजार 856 रुपये का मश्रुका बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को नामली पुलिस को सूचना मिली कि महू-नीमच हाईवे पर धोंसवास के समीप गुजरात पासिंग महिंद्रा बोलेरो पिकअप (क्रमांक GJ-20-X-6860) से अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन को रोका और तलाशी ली।

​अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
तलाशी के दौरान पिकअप में छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब और बीयर की 125 पेटियां बरामद हुईं। वाहन में मौजूद व्यक्ति के पास शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने मौके से शराब और वाहन को जब्त कर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध थाना नामली में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

​जब्त मश्रुका का विवरण
​अंग्रेजी शराब: बैगपाईपर कंपनी की 82 पेटी (प्रत्येक में 48 क्वार्टर), कुल मात्रा 708.48 बल्क लीटर — अनुमानित कीमत 6,73,056 रुपये।

​बीयर: माउंट 6000 कंपनी की 43 पेटी (प्रत्येक में 24 सीलबंद कैन), कुल मात्रा 516 बल्क लीटर — अनुमानित कीमत 1,23,800 रुपये।

​वाहन: महिंद्रा बोलेरो पिकअप (GJ-20-X-6860) — अनुमानित कीमत 5,00,000 रुपये।

​कुल बरामदगी: 1224.48 बल्क लीटर शराब/बीयर व वाहन सहित कुल 12,96,856 रुपये।

​टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में नामली थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, उपनिरीक्षक के.के. पटेल, प्रधान आरक्षक नवीन पटेल, कांतिलाल ओहरिया, यातायात थाना रतलाम के सूबेदार अनोखीलाल परमार, आरक्षक नरेन्द्र चोरे, नीरज और वाहन चालक ठाकुर सिंह सोलंकी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।