Ratlam/ काम में लापरवाही पर 12 पटवारियों को दीर्घ शास्ति के आरोप-पत्र
रतलाम, 08 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। शासकीय योजनाओं और राजस्व संबंधी कार्यों में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर अजय कटेसरिया ने जिले के 12 पटवारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। कलेक्टर ने संबंधित पटवारियों को दीर्घ शास्ति संबंधी आरोप-पत्र जारी किए हैं। कार्रवाई स्वामित्व योजना, फार्मर रजिस्ट्री सहित अन्य निर्धारित कार्यों को समय-सीमा में पूरा नहीं करने और कार्यों के निर्वहन में लापरवाही को लेकर की गई है।
जिन पटवारियों को आरोप-पत्र जारी किए गए हैं, उनमें दयाराम गुर्जर (करमदी), अनामिका ओहरी (गोपालपुरा), शैलेन्द्र व्यास (बिबड़ौद), भरत राठौर (सागोद, नगरा), राजेश रावल (हरथली), राजीव योगी (कनेरी), सीमा राठौर (मोरवनी), संतोष राठौर (अमलेटा), तेजवीर सिंह चौधरी (घटला), विजय सोंदल (जड़वासा खुर्द), अंकित परिहार (ईश्वरथुनी) और वीरेन्द्र सोलंकी (सालाखेड़ी) शामिल हैं।
जवाब के बाद तय होगी जिम्मेदारी
आरोप-पत्र जारी होने के बाद अब संबंधित पटवारियों से जवाब लिया जाएगा। विभागीय अनुशासनात्मक प्रक्रिया के तहत प्राप्त जवाब और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपों का परीक्षण किया जाएगा। आरोप प्रमाणित होने पर नियमानुसार दीर्घ शास्ति की कार्रवाई की जा सकती है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आरोप-पत्र जारी होना अंतिम दंडादेश नहीं है। विभागीय प्रक्रिया पूरी होने और संबंधित कर्मचारियों का पक्ष सामने आने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

