Movie prime

 रतलाम में अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश: सरकारी अस्पताल से चोरी हुईं गाड़ियों समेत 10 मोटरसाइकिलें जब्त, 2 शातिर चोर गिरफ्तार

 

​रतलाम, 19 अगस्त(इ खबर टुडे)। थाना स्टेशन रोड पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी मध्य प्रदेश और राजस्थान के विभिन्न इलाकों में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, काजीपुरा (रतलाम) निवासी शाहिद खां और बिलपांक निवासी भोला वसुनिया ने 5 अगस्त को स्टेशन रोड थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादियों ने बताया कि वे इलाज कराने रतलाम के सरकारी अस्पताल आए थे, जहां से अज्ञात बदमाश उनकी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिलें (MP43DT1361 एवं MP43ZB1315) चोरी कर ले गए। शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

​मुखबिर की सूचना पर मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पंद्रो के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मुनेन्द्रकांत गौतम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

​सघन जांच और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने नीमच जिले के कुकड़ेश्वर से दो आरोपी विष्णु पिता बाबूलाल खाती (41 वर्ष) निवासी चंपाबाजार, कुकड़ेश्वर, जिला नीमच, बिलास कछावा पिता श्यामलाल कछावा (59 वर्ष) निवासी वार्ड नं. 14, कुकड़ेश्वर, जिला नीमच को हिरासत में लिया।

​पूछताछ में उगले कई राज
कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने 5 अगस्त को रतलाम जिला अस्पताल से दो मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर राजस्थान और मध्य प्रदेश के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की गई अन्य 8 मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। कुल मिलाकर पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।

​आदतन अपराधी है मुख्य आरोपी
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में से विष्णु खाती शातिर एवं आदतन चोर है, जिसके खिलाफ अलग-अलग थानों में चोरी के कुल 12 अपराध पहले से दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

​पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में स्टेशन रोड थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्रकांत गौतम, उप-निरीक्षक मोहम्मद यूनुस खान, उप-निरीक्षक मुकेश सस्तिया, प्रधान आरक्षक देवीलाल गुर्जर, कुलदीप सिसोदिया, जितेंद्र बघेल, अजय दुबे, आरक्षक रितेश यादव, धीरेंद्र गोखले, हरिकिशन, रितेश राठौड़, दीपक वसुनिया, वीरेंद्र सोनी, लोकेंद्र सोनी, गोपाल आंजना, राजेश सिंगाड़ के अलावा थाना कुकड़ेश्वर के प्रधान आरक्षक मनोज टांक, आरक्षक लोकेश मालवीय और थाना मनासा के आरक्षक अंकित जोशी की सराहनीय भूमिका रही।