राजस्थान सीएम भजनलाल शर्मा ने हरियाणा और पंजाब के मुख्य मंत्रियों से की बात, हर संभव मदद का दिया भरोसा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से बात कर इन राज्यों के अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में जारी राहत एवं बचाव कार्यों में हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि राजस्थान सरकार आपदा की इस घड़ी में हरियाणा और पंजाब के साथ संवेदनशीलता और तत्परता के साथ खड़ी है। शर्मा ने सैनी और मान के साथ हरियाणा के अतिवृष्टि प्रभावित जिलों और पंजाब के फाजिल्का, फिरोजपुर सहित अन्य क्षेत्रों में सतलज, व्यास एवं रावी नदी के जल स्तर बढ़ने से उत्पन्न स्थिति पर विस्तृत चर्चा की।
रामदेव जयंती और तेजा दशमी पर दी शुभकामनाएं
भजनलाल शर्मा ने रामदेव जयन्ती एवं तेजा दशमी के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। शर्मा ने कहा कि बाबा रामदेवजी और वीर तेजाजी ने अपना जीवन लोक कल्याण के लिए समर्पित किया। उन्होंने समाज में व्याप्त जाति प्रथा, छुआछूत जैसी कुरीतियों व ऊंच-नीच के भेदभाव को मिटाया तथा मानव कल्याण को सर्वोपरि माना। उन्होंने कहा कि वीर तेजाजी ने गायों की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।