Movie prime

नमों भारत स्टेशन पर यात्रियों को मिली आसान लास्ट माइल सुविधा

 

Namo Bharat Train: एनसीआरटीसी ने दिल्ली सेक्शन में नमो भारत स्टेशनों पर यात्रियों के लिए लास्ट माइल कनेक्टिविटी शुरू की है। इसके तहत डीटीसी के साथ मिलकर दिल्ली में चलने वाली इलेक्ट्रिक एसी बसों को नमो भारत स्टेशनों से जोड़ने का इंतजाम किया गया है। शुरुआत में तीन रूट तय किए गए हैं, जो न्यू अशोक नगर और आनंद विहार से जुड़े हैं।

इनमें से एक रूट की बसें न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन से चल रही हैं। ये बसें अपने निर्धारित रूट पर नमो भारत स्टेशनों पर ड्रॉप ऑफ लेन में रुकती हैं।रूट में न्यू अशोक नगर से आनंद विहार आईएसबीटी, आनंद विहार आईएसबीटी से अशोक नगर बॉर्डर और अशोक नगर बॉर्डर से मयूर विहार फेस-3 पेपर मार्केट तक की बस सेवा शामिल है।

ये बसें सुबह 6:30 बजे से रात 11 बजे तक चलती हैं। इस सुविधा से चिल्ला गांव, सपेरा बस्ती, न्यूकोंडली, दल्लूपुरा, गाजीपुर गांव, गाजीपुर मंडी, धर्मशिला क्रॉसिंग, त्रिलोकपुरी जैसे इलाकों के लोग नमो भारत नेटवर्क से जुड़ गए हैं। अब वे आसानी से गाजियाबाद और मेरठ तक यात्रा कर सकते हैं।इस पहल से सड़कों पर वाहनों की भीड़ कम होगी और ट्रैफिक जाम तथा प्रदूषण में कमी आएगी।

वर्तमान में दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का 55 किलोमीटर हिस्सा 11 स्टेशनों के साथ जनता के लिए खुला है। बाकी खंडों जैसे सराय काले खां से न्यू अशोक नगर और मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक ट्रायल चल रहे हैं। एनसीआरटीसी का लक्ष्य है कि पूरे कॉरिडोर को इस साल पूरा कर जनता के लिए उपलब्ध कराया जाए।