Movie prime

राजस्थान के अ​धिकतर जिलों में बारिश और ओलावृ​ष्टि का अलर्ट, मौसम में आया परिवर्तन

 

राजस्थान के काफी जिलों में अचानक से मौसम बदल गया। मौसम विभाग के अनुसार तेज हवाएं चलनी शुरू हो गई हैं। विभाग ने बारिश और ओलावृ​ष्टि का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 23 जिलों में आंधी और बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इससे गर्मी से लोगों को काफी राहत मिलेगी। यह मौसम 7 मई तक के लिए जारी किया गया है। वहीं शनिवार देर रात को जालोर में आहोर के थांवला गांव में एक साथ तीन मकानों पर आसानी बिजली गिर गई। इससे एक घर की छत पर रखी पानी की टंकी टूट गई और तीन मकानों में बिजली के उपकरण जल गए। इसके साथ ही तेज बारिश के साथ ओलावृ​ष्टि भी हुई। कई स्थानों पर बारिश के कारण पानी भी जमा हो गया।

 
तापमान में आई गिरावट
शनिवार दोपहर बाद और रात को हुई बारिश, आंधी और ओलावृ​ष्टि के कारण तापमान में कुछ कमी आई। रात का तापमान काफी गिर गया। काफी शहरों में रात का तापमान 25 डिग्री से​ल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। पाली के पास जवाई क्षेत्र में रात का तापमान 19.6 डिग्री से​ल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बाड़मेर में उमस और गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली। यहां पर रात का तापमान 20.9 डिग्री, जयपुर में 23.8 डिग्री, जैसलमेर में 23.2, पिलानी में 22.4, टोंक में 22.1, जोधपुर में 21.9, अजमेर-सीकर में 21.5, बीकानेर में 21.4, अलवर में 20.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इन शहरों में रात के तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। 


सबसे ज्यादा गर्म रहा चितौड़गढ़ 
राजस्थान के कुछ भागों में ​शनिवार को भी तेज गर्मी रही। सबसे ज्यादा गर्म चितौड़गढ़ रहा। यहां का तापमान 43.6 डिग्री से​ल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा फलोदी, जोधपुर, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, भीलवाड़ा, कोटा, जैसलमेर, नागौर और अजमेर में तापमान 40 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। वहीं गर्मी अ​धिक होने के कारण जयपुर, नागौर, सीकर, झुंझुनूं, कोटा, बारां, झालावाड़ आदि जिलों में मौसम में कुछ परिवर्तन हुआ। यहां प रात के समय बादल छा गए और आंधी भी चली। इससे गर्मी से कुछ राहत मिली। इसके अलावा टोंक, जयपुर, सीकर, कोटा, नागौर के कुछ हिस्सों में बारिश भी हुई। 


काफी लुढक गया पारा
शनिवार दोपहर बाद हुए मौसम में परिवर्तन के बाद कई शहरों के तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। जयपुर में दिन का अ​धिकतम तापमान 35 डिग्री था, जो शाम को 25.7 डिग्री तक लुढक गया। जयपुर में तेज आंधी और बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।