haryana news:चंडीगढ़ और जम्मू एयरपोर्ट बंद होने के कारण रेलवे ने जम्मू ऊधमपुर के लिए चार विशेष ट्रेन चलाई
जम्मू और चंडीगढ़ एयरपोर्ट बंद होने से फंसे यात्रियों के लिए रेलवे ने विशेष गाड़ियों का संचालन किया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीमावर्ती इलाकों में लोगों की जरूरतों को देखते हुए विशेष गाड़ियां चलाई जाएं।
सरकारी एजेंसियों से समन्वय कर मदद पहुंचाई जाए। रेल मंत्री के निर्देश पर 9 मई को जम्मू और ऊधमपुर से चार विशेष गाड़ियों का संचालन हुआ। पहली गाड़ी संख्या 04612 जम्मू स्टेशन से सुबह 10:45 बजे रवाना हुई। इसमें 12 अनारक्षित और 12 रिजर्व कोच लगाए गए। दूसरी गाड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस दोपहर 12:45 बजे उधमपुर से चली।
यह जम्मू और पठानकोट होते हुए नई दिल्ली पहुंची। तीसरी विशेष गाड़ी 22 एलएचबी कोच के साथ शाम 7:00 बजे जम्मू से रवाना हुई। चौथी वंदे भारत विशेष गाड़ी दोपहर 3:30 बजे जम्मू से चली और शाम को नई दिल्ली पहुंची। रेल मंत्री ने कहा कि नियमित गाड़ियों के साथ विशेष गाड़ियों का संचालन जारी रहेगा।