September 23, 2024

लोकसभा उप चुनाव : रविवार के मूड में मतदाता, अभी मतदान काफी धीमा

लखनऊ ,11 मार्च (इ खबरटुडे)। उत्तर प्रदेश की दो बेहद महत्वपूर्ण मानी जाने वाली लोकसभा सीट के लिए आज मतदान शुरु हो गया है। प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की कर्मस्थली गोरखपुर के साथ ही इलाहाबाद के फूलपुर लोकसभा क्षेत्र के उप चुनाव के लिए मतदान सुबह सात बजे से शुरु हो गया है। दो घंटे में बेहद धीमा मतदान आज रविवार होने का संकेत दे रहा है।

लोकसभा के उप चुनाव के दौरान पहले दो घंटे में मतदान बेहद धीमा रहा। मतदाताओं पर आज रविवार का असर काफी भारी दिख रहा था। सात से नौ बजे के बीच में इलाहाबाद के फूलपुर में केवल 4.80 फीसदी मतदान हुआ। शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर सन्नाटा पसरा था। शहर उत्तरी में केवल 1.8 फीसदी मतदान हुआ। इलाहाबाद के फूलपुर लोकसभा उपचुनाव के लिए 838 मतदान केंद्रों पर 2155 बूथ बनाए गए हैं। यहां आज करीब 19,63,543 लाख मतदाता फूलपुर उपचुनाव में किस्मत आजमा रहे उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। यहां पर प्रशासनिक व्यवस्था बेहद चुस्त दुरुस्त है।

गोरखपुर : सुस्ती के साथ शुरू हुआ मतदान
गोरखपुर लोकसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव की शुरुआत काफी धीमी रही। सुबह के पहले 2 घंटे में नौ बजे तक सभी पांच विधानसभा सीटों पर मात्र 6.80 फीसद मतदान हो सका है। विधानसभावार कितना प्रतिशत मतदान हुआ है कंट्रोल रूम इसकी सूचना एकत्र कर रहा है। सहजनवा, पिपराइच और कैंपियरगंज के कुछ बूथों पर ईवीएम में खराबी के चलते इसे बदलना या ठीक करना पड़ा है। इसके चलते कुछ जगहों पर मतदान देर से शुरू हुआ है। अभी तक कहीं से भी किसी तरह के विवाद या झड़प की सूचना कंट्रोल रूम को नहीं मिली है। जिला निर्वाचन अधिकारी, प्रेक्षक और सभी मजिस्ट्रेट अपने अपने क्षेत्र में दौरा कर रहे हैं। विधानसभावार मतदान का प्रतिशत अभी थोड़ी देर में उपलब्ध कराया जाएगा।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रिक्त सीट गोरखपुर तथा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की रिक्त सीट फूलपुर लोकसभा क्षेत्र में आज मतदान के साथ ही इन दो दिग्गजों के लिए भी काफी अहम दिन है। सीएम योगी आदित्यनाथ तूफानी दौरे के बाद कल देर शाम गोरखपुर पहुंच गए हैं। वह भी आज मतदान करेंगे। मतदान को लेकर सभी तरह की तैयारियां पूरी है। इन दोनों जगह पर सात बजे से मतदान शुरू हो गया है, जो कि शाम पांच बजे तक चलेगा।
गोरखपुर में कुल पांच विधानसभा सीटें हैं। जहां 970 मतदान केंद्रों व 2141 मतदेय स्थलों पर मतदान सुबह सात बजे से शुरु हो गया है। इसी तरह इलाहाबाद के फूलपुर में इलाहाबाद जिले की कुल पांच विधानसभा सीटें हैं। जहां 793 मतदान केंद्रों व 2059 मतदेय स्थलों पर मतदान सुबह सात बजे से शुरु हो गया है। फूलपुर लोकसभा क्षेत्र में आने वाली इलाहाबाद पश्चिमी विधानसभा सीट के 45 मतदान केंद्र व 95 मतदेय स्थल कौशाम्बी जिले में आते हैं।

इलाहाबाद के फूलपुर लोकसभा क्षेत्र के उपचुनाव में 2155 में 1820 पोलिंग बूथ पर केंद्रीय अद्र्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। आज यहां पर 19.63 लाख मतदाता 22 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला लिखेंगे।

गोरखपुर सदर संसदीय सीट पर हो रहे उपचुनाव में 19.49 लाख मतदाता आज मतदान करेंगे। शहर में सर्वाधिक 4.34 लाख जबकि सहजनवा में सबसे कम 3.57 लाख मतदाता हैं। इनमें आठ लाख से अधिक महिलाएं हैं।

इन दोनों ही सीटों पर भाजपा, सपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला होने की संभावना है। बसपा ने उपचुनाव में प्रत्याशी नहीं खड़े किए हैं। भाजपा ने गोरखपुर से उपेंद्र दत्त शुक्ला को और फूलपुर सीट से कौशलेन्द्र सिंह पटेल को उम्मीदवार बनाया है। सपा ने गोरखपुर से प्रवीण निषाद और फूलपुर से नागेन्द्र सिंह पटेल को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने गोरखपुर से सुरहिता करीम व फूलपुर से मनीष मिश्र को टिकट दिया है।

You may have missed