October 15, 2024

दो दिन की ड्यूटी की थकान के बाद पुलिस विभाग ने आज रंग गुलाल लगाकर मनाया होली पर्व

रतलाम,11 मार्च (इ खबर टुडे )। होली के त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए पुलिसकर्मी व आला अफसर त्‍योहार पर जी जान से लगे रहे। शहर में शांतिपूर्ण ढंग से होली का पर्व पूर्ण कराया। बुधवार को दो दिन की ड्यूटी की थकान उत्सव की उमंग में दूर हो गई। रंग गुलाल लगाकर पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कमर्चारियों ने रंग पर्व मनाया।

पुलिसकर्मियों ने बुधवार को पुलिस लाइन में होली उत्सव मनाया। आयोजन में जिले के अधिकारियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। डीआईजी गौरव राजपूत ,एसपी गौरव तिवारी, अजाक डीएसपी विवेकसिंह चौहान, एडिशनल एसपी हेमंत सिंह, यातायात डीएसपी विलासराव वाघमारे, एसडीओपी सहित अन्य अधिकारी कर्मचारियों ने होली उत्सव मनाया।

किया खास इंतजाम
पुलिस लाइन में पुलिस कर्मियों के लिए होली खेलने का खास इंतजाम किया गया था। सभी पुलिसकर्मियों ने अपने अधिकारियों के रंग गुलाल लगाकर होली खेलना शुरू की तो हल्के हल्के पुलिस लाइन में मौजूद सभी रंग में सराबोर हो गए और ढोल धमाके पर झूमते नजर आए। साब को सल्यूट ठोकने वालों ने गले मिलकर रंग लगाया। कोई छोटा बड़ा नहीं था। मस्ती की तरंग छाई रही। पुलिस लाइन में जवानों के साथ उनके बच्चे व महिलाएं भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने भी नृत्य कर रंग गुलाल लगाया और होली का आनंद लिया।

दो बत्ती थाने पर भी खूब नाचे
धुलेंडी के दूसरे दिन बुधवार को पुलिस ने थाना परिसर में जमकर होली खेली। जवान ने दो बत्ती थाना एवं यातायात थाने में एक-दूसरे को रंग गुलाल लगाकर होली खेली व शुभकामनाएं दी। होली व धुलेंडी के दिन ड्यूटी पर तैनात रहकर नगरवासियों को सुरक्षा देने वाले जवानों ने दूसरे दिन होली की धूम मचाते हुए डीजे पर काफी समय तक नृत्य भी किया।

पुलिस टीम ने शहर के सहयोग के साथ होली को मनाया शांतिपूर्ण
हमारी पुलिस टीम ने शहर के सहयोग के साथ होली पर्व को पूर्ण शांतिपूर्ण ढंग से कराया है। हम लोग होली का पर्व मना रहे हैं। मैं इस मौके पर सभी शहरवासियों और पुलिसकर्मियों को बधाई देता हूं।
गौरव तिवारी, पुलिस अधीक्षक, रतलाम

You may have missed