September 30, 2024

कैराना समेत 4 लोकसभा और 10 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी

नई दिल्ली ,28मई (इ खबरटुडे)।लोकसभा की चार और विधानसभा की 10 सीटों पर आज कड़ी सुरक्षा के बीच उपचुनाव हो रहा है। सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है। उपचुनाव में खासकर देश की सियासी दिशा तय करने वाले उत्तर प्रदेश पर सभी की निगाहें हैं। यहां कैराना लोकसभा और नूरपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव है। इसी के साथ ही बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, पंजाब, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र व नागालैंड में भी उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इसके परिणाम 31 मई को आएंगे।– यूपी : पहले दो घंटे में करीब 12 फीसद मतदान हुआ। कैराना में 9 %, शामली में साढ़े आठ फीसद व थानाभवन में 14% मतदान हुआ है।
– यूपी : नूरपुर में पहले दो घंटे यानी सात से नौ बजे के बीच में सिर्फ नौ फीसद मतदान हुआ है।
– महाराष्ट्र: भंडारा-गोंदिया लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केंद्रों में 11 इवीएम में गड़बड़ी की सूचना।
– वीपीपैट में गड़बड़ी के चलते पब्लिक इंटर कॉलेज, कैरान में मतदान प्रभावित।
– महाराष्ट्र की पालघर लोकसभा सीट पर मतदाताओं ने डाले वोट, पोलिंग बूथ पर लगी लंबी कतारें।
– झारखंड की सिल्ली विधानसभा सीट पर वोटिंग शुरू, पोलिंग बूथ के बाहर लोगों की भारी भीड़।
– केरल के चेंगानूर विधानसभा सीट पर वोटिंग शुरू, लोग सात बजे से पहले ही वोटिंग के लिए लाइनों में लगे।
– पंजाब के शाहकोट विधानसभा सीट पर वोटिंग शुरू, यहां पोलिंग बूथ पर सुबह से ही लोगों की भीड़ मौजूद है।
– महाराष्‍ट्र के पालघर लोकसभा सीट पर वोटिंग होनी है, वसी के बूथ नंबर 154-159 पर पुलिसबल तैनात।
इन 4 लोकसभा सीटों पर उपचुनाव
राजनीतिक रूप से अहम मानी जाने वाली कैराना सीट के अलावा महाराष्ट्र के भंडारा-गोंदिया और पालघर संसदीय सीटों के अलावा नगालैंड की एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव होना है।

कैराना उपचुनाव पर टिकी निगाहें
कैराना लोकसभा उपचुनाव में 14 प्रत्याशियों में से एक लोकदल प्रत्याशी कंवर हसन के रालोद को समर्थन देने के बाद अब चुनाव मैदान में 13 प्रत्याशी रह गए हैं। यहां भाजपा का मुकाबला विपक्षी एकता से है। भाजपा सांसद हुकुम सिंह के निधन के बाद यह सीट खाली हो गई थी। अब यहां से उनकी बेटी मृगांका सिंह उपचुनाव में भाजपा की उम्मीदवार हैं। उनका सीधा मुकाबला राष्ट्रीय लोक दल की तबस्सुम हसन से है। कांग्रेस, सपा और बसपा तबस्सुम का समर्थन कर रही हैं।

महाराष्ट्र में चार बड़ी पार्टियों ने झोंकी ताकत
महाराष्ट्र में सभी चार बड़ी पार्टियां- कांग्रेस, भाजपा, शिवसेना और एनसीपी उपचुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक रही हैं। साफ हैं कि इन उपचुनाव के नतीजों को असर भविष्य में देखने को मिल सकता है। यहां भंडारा-गोंदिया और पालघर लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए आज वोटिंग है।

बिहार में दोनों गठबंधनों की परीक्षा
बिहार के जोकीहाट विधानसभा उपचुनाव में दोनों गठबंधनों की पहली कठिन परीक्षा है। क्षेत्र की 70 फीसद आबादी मुस्लिम है। ऐसे में दोनों खेमों ने उम्मीदवारों का चयन भी उसी हिसाब से किया है। जोकीहाट के नतीजे के दूरगामी असर से दोनों गठबंधन पूरी तरह परिचित हैं। राजद से शाहनवाज आलम, जदयू से मुर्शीद आलम एवं जन अधिकार पार्टी से गौसुल आजम प्रत्याशी हैं। जबकि, जावेद आलम, प्रसेनजीत कृष्ण, मसरूर आलम, मुबीनुल हक. मोहम्मद इरफान व शब्बीर अहमद निर्दलीय किस्मत आजमा रहे हैं।

झारखंड में इनकी प्रतिष्ठा दांव पर
वहीं झारखंड के सिल्ली व गोमिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है। सिल्ली में 10 और गोमिया में 13 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। इनमें सिल्ली से आजसू प्रमुख पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो व गोमिया में भाजपा के माधव लाल सिंह और आजसू के लंबोदर महतो की प्रतिष्ठा दांव पर है। अपनी सदस्यता खोने वाले योगेंद्र प्रसाद तथा अमित महतो के भाग्य का भी फैसला होना है। दोनों की पत्नियां चुनाव मैदान में हैं। इसी तरह पंजाब के शाहकोट विस का सियासी पारा भी चरम पर है।

उत्तराखंड के थराली विधानसभा पर उपचुनाव
उत्तराखंड के थराली विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस के साथ ही क्षेत्रीय दल उत्तराखंड क्रांति दल ने भी प्रचार में पूरी ताकत झोंकी। भाजपा के मगनलाल शाह की मृत्यु के कारण खाली हुई थराली विधानसभा सीट सत्तारूढ़ दल की प्रतिष्ठा से जुड़ी है। भाजपा ने इस सीट से स्व. मगनलाल शाह की पत्नी मुन्नी देवी के प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस ने पूर्व विधायक जीतराम पर दांव लगाया है।

कस्तूरी दास के निधन से खाली हुई महेशतला विधानसभा सीट
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की महेशतला विधानसभा सीट पूर्व विधायक कस्तूरी दास के निधन से खाली हुई थी। यहां से तृणमूल कांग्रेस ने कस्तूरी दास के पति दुलाल दास को उम्मीदवार बनाया है। वाममोर्चा की ओर से प्रभात चौधरी मैदान में हैं जबकि भाजपा ने सुजीत घोष को मैदान में उतारा है।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds