उकाला रोड के अधूरे पड़े निर्माण से परेशान राहगीर,जान जोखिम में डाल कर मार्ग से गुजरने को मजबूर जनता

रतलाम,18 जुलाई (इ खबरटुडे)। रतलाम जिले में नगर निगम की कार्यप्रणाली से हर कोई परिचित है। निगम की विकास गति इन दिनों कछुवे की चाल के समान हो चुकी है। जिसका ख़ामियाज़ा नगर की भोली-भाली जनता को भुगतना पड रहा है। निगम के अधूरे पड़े निर्माण कार्यो के चलते शहर की जनता अपनी जान जोखिम में डाल कर सड़क पार करने को मजबूर है। वही वरिष्ठ अधिकारियो को इस विषय में कोई कार्यवाही करना उचित नहीं लग रहा है।
जानकारी के अनुसार शहर के व्यस्तम मार्ग उकाला रोड पर इन दिनों निगम की लापरवाही का हर्जाना मार्ग से गुजर रहे राहगीरों को भुगतना पड रहा है। इस क्षेत्र के कीचड़ भरे और खुदे हुए मार्ग से गुजरना किसी नर्क यातना से कम नहीं माना जा सकता है। शहर की कई कॉलोनी को जोड़ने वाले इस मार्ग की स्थिति दिन-प्रतिदिन बदहाल होती जा रही है।

कीचड़ भरे इस मार्ग से निकलने वाले राहगीरों को हर पल हादसों का भय रहता है। साथ ही इस मार्ग में रोजाना दर्जन भर से अधिक वाहन असंतुलित होकर गिर जाते है। निगम द्वारा सड़को के गड्डो पर डाली गई मोरहम ने इस परेशानी को और अधिक बढ़ा दिया है। इसके चलते कई बड़े वाहन फ़स जाते है।
यह मार्ग क्षेत्र के समता परिसर ,मिन्नत नगर ,सुदाम परिसर ,दिलीप नगर ,नूरी नगर को जोड़ता है। इन क्षेत्रों के रहवासी को शहर के अन्य क्षेत्रों तक पहुंचाने वाला केवल एक मात्र मार्ग है। इसके चलते जनता को नर्क यातना देने वाले इस मार्ग से गुजरना ही पड़ता है।
लेकिन नगर निगम को जनता की इस परेशानी से कोई परहेज नहीं है। उन्हें इस क्षेत्र से मिलने वाले भवन कर और जलकर से मतलब है लेकिन उसी जनता की परेशानी का कारण बने इस मार्ग से कोई मतलब नहीं है। निगम ने सीवरेज की खुदाई के बाद यहां पाईप लाइन डाल दी। लेकिन खुदी हुई सड़क का निर्माण करना भूल गये।

उक्त सड़क मिनी स्मार्ट सिटी के चयनित है -निगम कमिश्नर
इ खबर टुडे से चर्चा के दौरान नगर निगम कमिश्नर सोमनाथ झरिया ने बताया कि यह बात सही के वर्तमान में उकाला मार्ग की स्थिति काफी दयनीय है। लेकिन उक्त मार्ग मिनी स्मार्ट सिटी के लिए चयनित है ,जो कुछ समय के बाद फूल मंडी से लेकर दिलीप नगर और सालखेड़ी फंटे तक उच्च उत्कृष्टता के बनाया जायेगा । फ़िलहाल वर्तमान में किसी प्रशासनिक अवरुद्ध के चलते कार्य बंद है,जो जल्द ही शुरू किया जायेगा। लेकिन वर्तमान में जल्द ही सड़क की सामान्य मरम्मत की जाएगी जिससे आम जनता की परेशानी कुछ हद तक कम हो सकेगी।