September 20, 2024

जर्जर दीवार गिरने से स्कूली बच्चे दबे, 4 की मौत, महिला समेत कई गंभीर घायल

रीवा,03 जुलाई (इ खबर टुडे)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में शनिवार को एक निजी स्कूल के प्रवेश द्वार के पास स्थित घर की दीवार ढहने से चार बच्चों की मलबे में दबकर मौत हो गई। एक बच्ची और एक महिला अभिभावक की हालत गंभीर बनी हुई है। गढ़ कस्बे में सन राइज स्कूल के पास ये दर्दनाक हादसा हुआ।

स्कूल की छुट्टी के समय हादसा
हादसा जिस समय हुआ, उस समय स्कूल की छुट्टी हुई थी और बच्चे स्कूल से बाहर निकल रहे थे। कई अभिभावक बाहर खड़े बच्चों का इंतजार कर रहे थे। रीवा की कलेक्टर प्रतिभा पाल ने चार बच्चों की मौत की पुष्टि की है। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश किए हैं।

स्कूल के बाहर दूसरे माकान की दीवार गिरी
पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार सिंह के मुताबिक, गढ़ थाना क्षेत्र के गढ़ गांव में यह हादसा शनिवार को दोपहर तीन बजे हुआ। सनराइज विद्यालय की छुट्टी हुई थी। इस दौरान बच्चों के अभिभावक उन्हें लेने के लिए खड़े थे। बच्चे स्कूल से निकल रहे थे और जैसे ही वे स्कूल के बगल में बने एक घर की दीवार के पास पहुंचे, तभी वह भरभरा कर बच्चों के ऊपर गिर गई।

महिला समेत आठ बच्चे मलबे में दबे
हादसे में एक महिला अभिभावक समेत आठ बच्चे दब गए। जबकि दो बच्चे आंशिक रूप से चोटिल हुए। दीवार गिरने पर आसपास के बाद लोगों ने गढ़ पुलिस के साथ बचाव कार्य किया। मलबे में दबे सात बच्चों और एक महिला अभिभावक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

चार बच्चों की मौत, महिला गंभीर
पांच वर्षीय अंशिका गुप्ता, सात वर्षीय मान्या गुप्ता, पांच वर्षीय अनुज प्रजापति और पांच वर्षीय सिद्धार्थ गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। आठ वर्षीय रक्षा गुप्ता और 28 वर्षीय महिला अभिभावक रानी प्रजापति का गंभीर घायल अवस्था में उपचार चल रहा है।

परिजनों को 2-2 लाख रुपए की सहायता राशि
जिले के गढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ में नईगढ़ी मोड़ पर संचालित निजी सनराइज पब्लिक स्कूल के पास दीवार ढहने से चार बच्चों की मौत हुई है और 2 गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर संवेदना व्यक्त की है। सीएम ने एक्स पर पोस्ट कर मृतक बच्चों के परिजनों को शासन की तरफ से 2-2 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

You may have missed