mainउज्जैनब्रेकिंग न्यूज़

History sheeter/ इंटरनेट मीडिया पर आतंक फैलाने वाले उज्जैन के हिस्ट्रीशीटर का मकान तोड़ा

उज्जैन,24 सितम्बर(इ खबरटुडे)। अवैध शराब की तस्करी, मारपीट व जानलेवा हमले के आरोपी हिस्ट्रशीटर बदमाश दीपक अहिरवार का शुक्रवार को पुलिस व नगर निगम की टीम ने एकता नगर स्थित मकान तोड़ दिया।

दीपक के स्वजन ने कार्रवाई का विरोध किया तो पुलिस उन्हें थाने ले गई। पुलिस को घर से नकली पिस्टल, राड व इलेक्ट्रानिक तौल-कांटा मिला है। आरोपी पर पांच केस दर्ज हैं। इसके अलावा वह इंटरनेट मीडिया पर हथियारों के साथ धमकी भरे फोटो व वीडियो शेयर करता था।

उल्लेखनीय है कि पुलिस व नगर निगम का गुंडा विरोधी अभियान जारी है। शुक्रवार को नीलगंगा थाना क्षेत्र में कार्रवाई हुई। अहिरवार पर दुष्कर्म का भी प्रकरण दर्ज है। पुलिस के अनुसार दीपक ने कुछ माह पूर्व वृद्ध पर जानलेवा हमला किया था। वह नाबालिगों को गैंग में जोड़कर उनसे अपराध करवाता है।

दो दिन में तीसरी कार्रवाई
गुरुवार को महाकाल थाना क्षेत्र के मुल्लापुरा में रहने वाले हिस्ट्रीशीटर शहंशाह का मकान तोड़ा गया था। शहंशाह पर 38 केस दर्ज हैं। इनमें 11 मामले अवैध शराब बेचने के हैं। इसके अलावा विष्णुपुरा में सन्नाी मराठा का मकान तोड़ा गया था।

उस पर 15 केस दर्ज हैं। शुक्रवार को दीपक के खिलाफ तीसरी कार्रवाई की गई। पुलिस सूत्रों का कहना है कि 12 बदमाशों की लिस्ट तैयार है जिनके मकानों को तोड़ा जाना है।

Back to top button