October 12, 2024

Ukraine Russia War : रूस के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय कोर्ट में सुनवाई शुरू, पीएम मोदी ने पुतिन से 50 मिनट तक की बातचीत

नई दिल्ली,07 मार्च(इ खबर टुडे)। रूस-यूक्रेन के बीच युद्ध का आज 12वां दिन है। 12वें दिन रूस ने यूक्रेन के कई शहरों में हमले तेज कर दिए हैं। खारकीव में कई रिहायशी इलाकों पर भी हमला किया गया है। इस बीच दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल आज तीसरी बार वार्ता करेंगे। इससे पहले हुई वार्ता में सुरक्षित कॉरिडोर पर सहमति बनी थी। आज होने वाली बातचीत में युद्ध विराम पर चर्चा हो सकती है। वार्ता से पहले रूस की ओर से यूक्रेन के चार शहरों में फिर से सीजफायर का एलान किया गया है।

यूक्रेन के डोनबास में फंसे एक भारतीय डॉक्टर गिरिकुमार पाटिल अपने पालतू जैगुआर और तेंदुए के बिना यूक्रेन छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मैंने दूतावास से संपर्क किया था लेकिन उनकी ओर से कोई ठीक-ठीक उत्तर नहीं मिला। मेरा घर रूसियों से घिरा हुआ है लेकिन मैं अपनी ओर से पूरी कोशिश कर रहा हूं। मैं इन जानवरों को अपने बच्चों की तरह मानता हूं। गिरिकुमार को जैगुआर कुमार के नाम से भी जाना जाता है।

पीएम मोदी ने पुतिन से 50 मिनट तक की बातचीत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से 50 मिनट तक बातचीत की। दोनों नेताओं के बीच यूक्रेन की परिस्थितियों पर चर्चा हुई। इस दौरान पीएम मोदी ने प्रतिनिधिमंडल के बजाए पुतिन व यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के बीच सीधे वार्ता पर जोर दिया। वहीं सूमी सहित यूक्रेन के कुछ हिस्सों में संघर्ष विराम और मानवीय गलियारों की घोषणा के लिए आभार जताया।

अंतरराष्ट्रीय कोर्ट में सुनवाई शुरू
यूक्रेन पर रूस के हमले के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय कोर्ट में सुनवाई शुरू हो गई है। वहीं यूक्रेन व रूस के बीच जंग रुकवाने के लिए चीन ने मध्यस्थता करने की पेशकश की है।

रूस ने यूक्रेन पर किए 600 से ज्यादा मिसाइल हमले- पेंटागन
रूस-यूक्रेन के बीच भले ही दूसरी बार सीजफायर का एलान हुआ हो, लेकिन दोनों देशों की ओर से भारी तबाही मचाई गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका व नाटो ने यूक्रेन को एक सप्ताह के अंदर 17 हजार से ज्याद टैंक रोधी हथियार दिए हैं। वहीं पेंटागन का कहना है कि, रूस ने यूक्रेन में 600 से ज्यादा मिसाइल हमले किए हैं।

यूक्रेन-रूस के बीच मध्यस्थता करना चाहता है चीन
यूकेन संकट के बीच चीन ने रूस और यूक्रेन के बीच मध्यस्थता करने की इच्छा जताई है। चीनी विदेश मंत्री ने सोमवार को कहा कि यूक्रेन-रूस के बीच युद्ध विराम के लिए वह आवश्यक मध्यस्थता करने के लिए तैयार हैं।

पुतिन समेत 100 से अधिक रूसी राजनेताओं पर प्रतिबंध- न्यूजीलैंड
यूक्रेन संकट के बीच न्यूजीलैंड ने 100 से अधिक रूसी राजनेताओं व व्यापारियों पर प्रतिबंध लगाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन उन राजनेतओं में से एक हैं।

भारत ने देश के बाहर पहले भी चलाए हैं सफल अभियान- कांग्रेस
यूक्रेन संकट पर कांग्रेस पार्टी की ओर से बयान जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि, अपने नागरिकों को भारत वापस लाना भारत सरकार का कर्तव्य है। हमें यह याद रखना होगा कि अतीत में भी भारतीय वायु सेना और नौसेना ने खाड़ी युद्ध, लेबनान, लीबिया और इराक से भारतीयों को निकालने के लिए सफल अभियान चलाए हैं।

पीएम मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति से की बातचीत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से फोन पर वार्ता की। दोनों नेताओं के बीच करीब 35 मिनट की बातचीत हुई। इस दौरान उन्होंने रूस-यूक्रेन के बीच सीधी बातचीत की सराहना भी की। इसके साथ ही वहां फंसे भारतीयों को निकालने के लिए यूक्रेन के समर्थन के प्रति आभार जताया।

यूक्रेन में फिर से सीजफायर का एलान
रूस-यूक्रेन के बीच तीसरे दौर की बातचीत से पहले रूस की ओर से बड़ा एलान किया गया है। खबरों के मुताबिक, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैंक्रो के मानवीय कॉरिडोर के अनुरोध पर पुतिन ने भारतीय समयानुसार सोमवार दोपहर 12ः30 मिनट से सीजफायर की घोषणा की है। इस दौरान युद्ध में फंसे आम लोगों को निकालने के लिए मानवीय कॉरिडोर बनाया जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक, कीव, खारकीव, मारियुपोल और सूमी में सीजफायर रहेगा।

You may have missed