July 3, 2024

Ratlam news: अवैध उत्खनन परिवहन के 2 प्रकरणों में कुल 6 लाख 23 हजार का अर्थदंड वसूला,15 से 18 वर्ष आयु के बच्चों का टीकाकरण किया,कलेक्टर ने किया निरीक्षण

रतलाम,03जनवरी( खबर टुडे)। न्यायालय कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम द्वारा जिले में खनिज के अवैध उत्खनन परिवहन के दो प्रकरणों में दो व्यक्तियों से कुल 6 लाख 23 हजार 750 रूपए अर्थदंड वसूला गया है।

बताया गया है कि जिले के ग्राम बिलड़ी तहसील बाजना के रंगू पिता दम्मा के विरुद्ध मध्यप्रदेश गौण खनिज नियम 2019 के तहत अवैध खनिज उत्खनन का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था जिसमें रंगू पर 4 लाख 77 हजार 500 रूपए का अर्थदंड किया जाकर वसूला गया। इसी प्रकार दशहरा मैदान शाजापुर निवासी दिलीपसिंह पिता पदमसिंह पर मध्यप्रदेश गौण खनिज नियम के प्रावधानों के तहत अवैध उत्खनन के मामले में 1 लाख 46 हजार 205 रुपए अर्थदंड किया जाकर वसूला गया।

जिले में भी 15 से 18 वर्ष आयु के बच्चों का टीकाकरण
रतलाम जिले में भी 3 जनवरी से 15 से 18 वर्ष आयु के स्कूली बच्चों का टीकाकरण आरंभ किया गया। प्रथम दिवस 23 हजार से ज्यादा बच्चों को को वैक्सीन टीके लगाए गए। कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम निरीक्षण के लिए रतलाम की आनंद कॉलोनी स्थित नवीन कन्या हाई सेकेंडरी स्कूल पहुंचे जहां बालिकाओं के वैक्सीनेशन कार्य का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती जमुना भिड़े, एसडीएम अभिषेक गहलोत उपस्थित थे।

कलेक्टर ने बालिकाओं से चर्चा भी की, स्कूल के स्टाफ से भी चर्चा करते हुए वैक्सीनेशन कार्यक्रम की जानकारी प्राप्त की। सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर ननावरे ने बताया कि 3 जनवरी को रतलाम जिले में 154 स्कूलों में वैक्सीनेशन किया गया। उन्हीं स्कूलों में 4 जनवरी को भी वैक्सीनेशन किया जाएगा। इनमें शासकीय तथा प्राइवेट दोनों प्रकार के स्कूल सम्मिलित हैं। जिले में स्कूलों में 15 से 18 वर्ष आयु के दर्ज 67 हजार बच्चों का वैक्सीनेशन किया जाएगा। इसके अलावा 20 हजार ड्रॉपआउट बच्चे भी ढूंढकर वैक्सीनेट किए जाएंगे।

You may have missed