शहर-राज्य

हरियाणा में 31 मार्च को पूर्व घोषित ईद के राजकीय छुट्टी को रद्द कर वैकल्पिक अवकाश में बदला

haryana news :31 मार्च को पूर्व घोषित ईद के राजकीय अवकाश को रद कर वैकल्पिक अवकाश में बदल दिया गया है। अब ईद पर सरकारी कार्यालय खुले रहेंगे। वैकल्पिक अवकाश के चलते जो कर्मचारी ईद पर छुट्टी लेना चाहेंगे, उन्हें सवैतनिक अवकाश दिया जाएगा। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी आदेश पर गुरुवार को विधानसभा में हंगामा हुआ। नूंह से कांग्रेस विधायक आफताब अहमद ने कहा कि हमारा एक ही त्योहार होता है।

यह पूरे हिंदुस्तान में मनाया जाता है। राजपत्रित अवकाश को वैकल्पिक अवकाश में बदला जाना गलत है। इस पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सफाई दी कि 31 मार्च को मौजूदा वित्तीय वर्ष का अंतिम दिन होने के कारण यह फैसला लिया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि यह गलत है। पूरे देश में ईद पर राजपत्रित अवकाश है, प्रदेश में इसे रद क्यों किया गया है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे मुद्दा ना बनाया जाए।

सैनी सरकार ने 31 मार्च को मौजूदा वित्त वर्ष का अंतिम दिन होने को बनाया आधार, विधानसभा में हंगामा

यह पहला मौका है जब प्रदेश में ईद के राजपत्रित अवकाश को वैकल्पिक अवकाश में बदला गया है। वैकल्पिक अवकाश का मतलब धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व पर दी जाने वाली छुट्टी से हैं, जो कर्मचारी के विवेक पर निर्भर करती है। वह चाहे तो छुट्टी ले सकता है। अथवा नहीं भी। यह एक तरह का सवेतन अवकाश है और अनिवार्य नहीं है।

जारी पत्र में कहा गया है कि 2024-25 की क्लोजिंग के कारण यह छुट्टी रद की गई है। 29 व 30 मार्च को वीकेंड है और 31 को वित्त वर्ष का आखिरी दिन है। सरकारी कैलेंडर में 31 मार्च को राजपत्रित अवकाश घोषित था। जनवरी में जारी अधिसूचना में मार्च में तीन राजपत्रित छुट्टियां दिखाई गई थीं, जिनमें 14 को होली, 23 को शहीदी दिवस और 31 को ईद-उल-फितर की छुट्टी थी। अब ईंद पर वैकल्पिक अवकाश कर दिया गया है

Back to top button