May 9, 2024

lunar eclipse : कल चंद्रग्रहण की अवधि 4 घंटे 19 मिनट रहेगी – मध्य की स्थिति में चन्द्रमा का 100 प्रतिशत भाग पृथ्वी के छाया क्षेत्र में हो जाएगा

उज्जैन,07 नवम्बर(इ खबर टुडे/ब्रजेश परमार)। मंगलवार 08 नवंबर को पूर्ण चन्द्र ग्रहण होगा। ग्रहण का प्रारम्भ दोपहर 02:38:05 पर मध्य की स्थिति दोपहर 04:29:1 एवं मोक्ष सांय 06:19:02 पर होगा। मध्य की स्थिति में चन्द्रमा का 100 प्रतिशत भाग पृथ्वी के छाया क्षेत्र में हो जाएगा। वास्तव में पूर्ण चन्द्रग्रहण की स्थिति में चन्द्रमा पृथ्वी के छाया क्षेत्र में होने के कारण मध्यम लाल वर्ण का हो जाता है। ग्रहण की अवधि 04 घण्टे 19 मिनट तक रहेगी।

शासकीय जीवाजी वेधशाला अधीक्षक डा.राजेन्द्र प्रसाद गुप्त के अनुसार ग्रहण उत्तरी एवं दक्षिणी अमेरिका, आस्ट्रेलिया, एशिया, उत्तरी प्रशांत महासागर, हिन्द महासागर में दृश्य होगा। भारत के पूर्वी भाग (कोलकाता, कोहिमा, पटना, पुरी, रांची, इम्फाल आदि) में चन्द्रोदय पूर्णता समय सायं 5:12 बजे से पूर्व होने कारण पूर्ण चन्द्रग्रहण देखा जा सकेगा। शेष सम्पूर्ण भारत में चन्द्रोदय की स्थिति के अनुसार आंशिक चन्द्रग्रहण ही दृश्य होगा। भोपाल में चन्द्रोदय सांय 05:36 पर होने के कारण सायं 6:19 बजे तक केवल 43 मिनट ही आंशिक चन्द्रग्रहण दृश्य होगा।

उज्जैन में चन्द्रोदय सांय 05:43 पर होने के कारण सायं 6:19 बजे तक केवल 36 मिनट ही आंशिक चन्द्रग्रहण दृश्य होगा । डा.गुप्त ने बताया कि पूर्ण चन्द्रग्रहण उस समय होता है जब पृथ्वी, सूर्य और चन्द्रमा, के बीच में आती है जिससे सूर्य का प्रकाश चन्द्रमा तक नहीं पहुंच पाता। जिससे पूर्णता के समय हमें चन्द्रमा मध्यम लाल वर्ण का दिखाई देता है। इस प्रकार होने वाला ग्रहण पूर्ण चन्द्र ग्रहण कहलाता है। चन्द्रग्रहण को हम कोरी आंखों या टेलिस्कोप/बाइनोक्युलर से देख सकते हैं। पूर्वी भारत को छोडकर देश के अधिकांश भागों में चन्द्रोदय एवं ग्रहण समाप्ति के समय में ज्यादा अंतर न होने के कारण हम अल्प समय के लिए आंशिक चन्द्रग्रहण ही देख सकेंगे।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds