mainखबरे जिलों सेब्रेकिंग न्यूज़रतलाम

रतलाम / ससुराल से लापता नवविवाहिता का शव तीन दिन बाद उसके ही खेत में मिला, ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप

रतलाम,25 नवंबर ( इ खबर टुडे)। पिपलौदा थाने के गांव जांबुड़ा से 21 नवंबर की रात के समय घर से गायब हुई नवविवाहिता महिला का शव तीन दिन बाद उसके ही खेत पर मिला। शुक्रवार को एसडीओपी रविंद्र बिलवाल ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी हैं। शव के पास ही जहर की शीशी भी पाई गई।महिला के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।

पिपलौदा थाने के एएसआई केएल दायमा ने बताया जांबूडाबरा गांव की 20 वर्षीय महिला रेखा पति तोलाराम निनामा 21 नवंबर की रात को अपने घर से उठकर कहीं चली गई थी। अगले दिन सुबह उसके पति तोलाराम ने थाने पर उसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। महिला की तलाश की जा रही थी सुबह खेत पर गए महिला के ससुर शंकरलाल पिता मोतीलाल निनामा ने उसका शव खेत में ही पड़ा हुआ देखा। परिजनों को सूचना दी और फिर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला के शव का पंचनामा बनाया। शव के पास ही जहर की शीशी भी मिली जो बरामद कर ली गई है। महिला के शरीर पर किसी तरह की चोंट के कोई निशान नहीं थे।

पुलिस के अनुसार महिला रेखा गायब होने के एक दिन पहले ही मायके से जांबू डाबरा आई थी। उसका मायका सरवन थाने के बावड़ीखेड़ा में है। करीब साल भर पहले ही उसकी शादी तोलाराम से हुई थी। इस समय वह गर्भवती बताई जा रही हैं। मृतका के मायके वालो ने उसके ससुराल वालो पर हत्या करने का आरोप लगाया है। एसडीओपी बिलवाल ने बताया की मृतिका की मौत के मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है। पोस्ट मार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद घटना से जुड़े सभी पहलुओं की सूक्ष्मता से जाँच की जाएगी और यदि किसी के विरूद्ध प्रमाण मिलेंगे तो कार्यवाही की जाएगी।

Back to top button