May 19, 2024

रतलाम : प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने किया बूथ को कांग्रेस मुक्त करने का आह्वान, कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा – मतदान के प्रति राम मंदिर जैसा जन जागरण करना होगा

रतलाम, 06 मई(इ खबर टुडे)। लोकसभा चुनाव को लेकर आयोजित भाजपा के मंडल सम्मेलन में प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने सूरजमल जैन मंडल एवं कुशाभाऊ ठाकरे मंडल कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बूथ को कांग्रेस मुक्त करने का आह्वान किया। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि मतदान बढ़ाने के लिए राम मंदिर जैसा जन जागरण करना होगा। सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने की। जिला प्रभारी प्रदीप पांडेय ने भी कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया।

प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने कहा कि मोदी जी ने वर्ष 2014 में कांग्रेस मुक्त भारत का नारा दिया था। वर्तमान में सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर पन्ना प्रमुख और बूथ अध्यक्ष के साथ मिलकर ऐसी रणनीति बनानी चाहिए कि हर बूथ कांग्रेस मुक्त हो जाए। बूथ कार्यकर्ताओं को अपने बूथ पर 370 मत बढ़ाने होंगे, जिससे हमारा लक्ष्य पूरा हो जाएगा। इससे मतदान का प्रतिशत भी बढ़ेगा और डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि भी होगी। श्री शर्मा ने हर वर्ग के मतदाता को भाजपा से जोड़ने पर बल दिया।

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि रतलाम की हवा से हम झाबुआ की सीट जीतते हैं। इस बार हमें यह सीट एक लाख से अधिक मतों से जिताना है। रतलाम नगर के कार्यकर्ताओं की ताकत से ही हम इस अंतर से सीट जीत सकते हैं। इसको लेकर मतदान के लिए हमें राम मंदिर जैसा जन जागरण करना होगा। रतलाम के पास निवेश क्षेत्र विकसित होने पर यहां की सीरत और सूरत बदल जाएगी। मोदी जी ने जिस तरह भारत का गौरव बढ़ाया है, उसी तरह हमें रतलाम का गौरव बढ़ाना है। श्री काश्यप ने विधानसभा चुनाव की तरह लोकसभा चुनाव में भी 75 प्रतिशत मतदान वाले बूथ के कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने की घोषणा की।

जिला प्रभारी प्रदीप पांडेय ने कहा कि रतलाम के कार्यकर्ताओं के परिश्रम की पराकाष्ठा ने उन्हें इतिहास बनाते देखा है। मंत्री श्री काश्यप ने राजनीति से परे हटकर सेवा का संकल्प लेकर समाज के हर वर्ग में काम कर कार्यकर्ताओं का हौंसला बढ़ाया है। कार्यकर्ताओं ने इसीलिए उन्हें 60 हजार से अधिक मतों से जिताया है। लोकसभा चुनाव में भी कार्यकर्ता संकल्प लेंगे तो फिर इतिहास रचकर एक लाख से अधिक मतों से जीतेंगे। जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता 2 घंटे सुबह 2 घंटे शाम को आवश्यक रूप से घर-घर जाकर आमजन से संपर्क करें और अधिक से अधिक मतदान करने के लिए अपने आसपास के लोगों के साथ स्वयं से जुड़े हर व्यक्ति को प्रेरित करें।

मंडल सम्मेलन में विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष बजरंग पुरोहित, पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, लोकसभा विस्तारक शिवलाल पाटीदार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य निमिष व्यास, आशा मौर्य, आईटी विभाग प्रदेश सह संयोजक सोमेश पालीवाल, मंडल अध्यक्ष निलेश गांधी, आदित्य डागा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष विप्लव जैन, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष इब्राहिम शेरानी, जिला अध्यक्ष मंसूर जमादार आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री हेमंत राहोरी ने किया एवं आभार मंडल अध्यक्ष निलेश गांधी ने माना।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds