April 24, 2024

Social Media Revolution : सोशल मीडिया प्लेटफार्म ने कम्युनिकेशन में नई क्रान्ति ला दी – शिवराज सिंह चौहान

उज्जैन ,28 जनवरी (इ खबरटुडे/ब्रजेश परमार)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार पूर्वान्ह उज्जैन के विक्रम कीर्ति मन्दिर में दो दिवसीय सोशल मीडिया कॉन्क्लेव का दीप प्रज्वलित कर शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि पहले अखबार और टीवी प्रमुखता से मीडिया में छाये हुए थे, इनकी बड़ी भूमिका थी। इसके बाद आये सोशल मीडिया प्लेटफार्म ने अब कई भ्रान्तियां तोड़ दी है। टीवी दिखाये या न दिखाये, अखबार छापे या न छापे, आम जनता का प्लेटफार्म बने सोशल मीडिया ने सूचना जगत में नई क्रान्ति ला दी है। अब कोई भी बात किसी से छुपी नहीं रह सकती है।

भारत नीति द्वारा आयोजित इस कॉन्क्लेव में देश के कई हिस्सों से आए 250 से अधिक सोशल मीडिया विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म के विशेषज्ञों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने हमारी परम्परा, हमारे धर्म को विश्व पटल पर स्थापित कर दिया है। जो लोग कभी राम का विरोध करते थे, वे अब राम नाम जप रहे हैं, जय महाकाल का उद्घोष कर रहे हैं। इस बदलाव को लाने में सोशल मीडिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के युग में यदि अपने विचारों का प्रचार-प्रसार करना है तो सोशल मीडिया अपरिहार्य है। सोशल मीडिया ने देश की मानसिकता बदल दी है।

कान्क्लेव में मुख्यमंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश विकास के मामले में नये कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। आज नर्मदा जयन्ती है। हमने नर्मदा-शिप्रा को जोड़ने का कार्य किया है। इसे गंभीर, कालीसिंध व पार्वती तक ले जा रहे हैं। मध्य प्रदेश की सिंचाई क्षमता कभी सात लाख हेक्टेयर हुआ करती थी, जो अब 45 लाख हेक्टेयर हो गई है और वर्ष 2024 तक बढ़कर यह 65 लाख हेक्टेयर हो जायेगी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा के लिये अच्छा सन्देश देने के लिये उनके द्वारा प्रतिदिन पेड़ लगाने की परम्परा प्रारम्भ की गई, जिसे आज दो वर्ष पूरे हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की कि इस पहल पर मध्य प्रदेश के लोगों ने काफी अच्छा प्रतिसाद देते हुए अंकुर पोर्टल पर पेड़ लगाकर लाखों फोटो अपलोड किये हैं। पौधारोपण के 75 दिन बाद के पौधों के लगभग 68 लाख फोटो अंकुर पोर्टल पर अपलोड हो चुके हैं।

मुख्यमंत्री के साथ उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव, मुरलीधर राव, सांसद वीडी शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर कॉन्क्लेव का शुभारम्भ किया।

भगवान महाकालेश्वर का दर्शन कर पूजन-अर्चन किया

मुख्यमंत्री ने अपने उज्जैन प्रवास के दौरान भगवान महाकालेश्वर के मन्दिर में पहुंच कर भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किये एवं पूजन-अर्चन किया। पूजा पं.प्रदीप पुजारी एवं यश पुजारी ने कराई। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भगवान महाकालेश्वर से प्रदेश के सभी लोगों के लिये मंगल कामना की।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds