October 12, 2024

Girl was attacked : लाल कपडा देख गाय भडकी,किशोरी पर किया हमला

उज्जैन,24फरवरी(इ खबर टुडे)। लाल कपड़ा देखकर सांड भडकता है ये तो सूना है लेकिन उज्जैन में लाल कपड़ा देखकर गाय भडक गई और मुंह पर लाल कपड़ा बांधे किशोरी पर गाय ने भगाने के बाद भी आ-आकर हमला किया।घटना गुरूवार पूर्वान्ह के समय फ्रीगंज के एके बिल्डिंग क्षेत्र में हुई।कई लोगों के लकडी से भगाने पर गाय को बमुश्किल भगाया जा सका।घायल किशोरी को निजी अस्पताल में उपचार दिया गया है।

शहर में कई तबेले चलाए जा रहे हैं।नगर निगम ने कुछ समय पूर्व इन पर कार्रवाई की थी। नगर निगम के शांत होते ही एक बार सड़कों पर मवेशियों की उपस्थिति सामने आ रही है।गुरूवार को पूर्वान्ह एके बिल्डिंग क्षेत्र में रहने वाली 12 वर्षीय किशोरी मूंह पर लाल कपड़ा बांधकर टयूशन जाने के लिए घर से निकली थी। घर से कुछ दूर जाने के उपरांत सड़क पर मौजूद गाय भडक गई।गाय ने किशोरी पर हमला कर दिया। गाय से डरी किशोरी ने लाल नकाब निकाल कर फेंक दिया और सड़क किनारे रखे ठेले के नीचे घायल अवस्था में छिपकर अपनी जान बचाई। यह देख कुछ लोग किशोरी की सहायता के लिए आगे आए तो गाय इतनी उग्र थी कि भगाने पर भी बार बार किशोरी पर हमले के लिए बेताब हुई जा रही थी। कुछ लोगों ने गाय को लकड़ी मार-मार कर भगाया तब कहीं जाकर गाय को भगाया जा सका। गाय के हमले से घायल किशोरी को पास ही स्थित निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया है।

You may have missed