mainदेश-विदेशब्रेकिंग न्यूज़

INTERNET BAN : खूनी झड़प के बाद झारखंड में बवाल, पुलिस ने की हवाई फायरिंग, तीन जिलों में नेट बंद

हजारीबाग,07फरवरी (इ खबरटुडे)। झारखंड के हजारीबाग के बरही अनुमंडल अन्तर्गत दुलमाहा मे आपसी रंजिश मे दो गुटों के बीच खूनी झड़प होने से 17 वर्षीय रूपेश की मौत हो गई। वहीं झड़प मे दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उपद्रवियों को शांत कराने के लिए पुलिस ने हवाई फायरिंग भी की। घटना के बाद उपद्रवियों ने 3 दुकानों को जला दिया।  

हजारीबाग ज‍िले के बरही थाना अंतर्गत नईटांड गांव में रविवार संध्या विसर्जन जुलूस देखने जा रहे 17 साल के रूपेश कुमार की एक दूसरे समुदाय से मारपीट के बीच मौत हो गई। वह नईटांड ग्राम निवासी सिकंदर पांडे का पुत्र था। मारपीट में रूपेश गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तत्काल बरही अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। रूपेश अपने माता-पिता का एकलौता पुत्र था।

नईटांड़ गांव पूरी तरह से पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। गांव में किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है। पुलिस छावनी में तब्दील इस गांव में एसपी खुद भी कैंप कर रहे हैं। सूचना है कि उपद्रवियों ने दो वाहनों में भी आग लगा दी है। बताया जा रहा है की रविवार देर रात उपद्रवियों ने दो वाहनों को आग के हवाले कर दिया। गांव के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस गांव के तमाम गलियों में गश्त लगा रही है। किसी भी बाहरी व्यक्ति को गांव में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए हैं। एसपी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

चतरा और कोडरमा में भी इंटरनेट सेवा ठप
हजारीबाग के अलावा कोडरमा जिले में भी प्रतिमा विसर्जन के दौरान हिंसक झड़प की बात सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने आधी रात से इंटरनेट सेवा पूरी तरह से बंद कर दी है। चतरा, कोडरमा और हजारीबाग जिला आपस में एक दूसरे से जुड़े हुए हैं, इसी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने इन तमाम जिलों में एहतियात के तौर पर इंटरनेट सेवाएं ठप कर दी हैं।

Related Articles

Back to top button