October 14, 2024

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में भोपाल सहित कई जिलों में आज भी बारिश की संभावना

भोपाल,03 मई (इ खबरटुडे)। उत्तर-पश्चिमी मध्यप्रदेश पर वर्तमान में एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। इस सिस्टम से लेकर मणिपुर तक एक द्रोणिका लाइन (ट्रफ) बनी हुई है। इसके अतिरिक्त दक्षिणी पाकिस्तान पर भी एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। इन तीन सिस्टम के कारण अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी आने का सिलसिला शुरू हो गया है। जिसके चलते रविवार को राजधानी सहित प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ीं। इससे वातावरण में ठंडक घुल गई। इससे गर्मी से कुछ राहत महसूस हुई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक सोमवार को भी भोपाल, होशंगाबाद, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल, सागर, जबलपुर और शहडोल संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक बादल छाने और बौछारें पड़ने से राजधानी सहित पूरे प्रदेश में रविवार को अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। राजधानी में लगभग 50 किमी घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं और कहीं हल्की तो कहीं-कहीं तेज बौछारें पड़ीं। इंदौर, जबलपुर में भी बारिश हुई। राजधानी में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो सामान्य से दो डिग्रीसे. कम रहा। साथ ही शनिवार के अधिकतम तापमान (39.9 डिग्रीसे.) की तुलना में 1.3 डिग्रीसे. कम रहा। राजधानी में शाम साढ़े पांच बजे से रात साढ़े आठ बजे तक 2 मिलीमी‍टर बारिश हुई।

मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि अभी चार-पांच दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने की संभावना है। मध्यप्रदेश के अलावा पाकिस्तान पर बने सिस्टम के कारण वातावरण में नमी आ रही है। इसके अतिरिक्त पिछले 24 घटों के दौरान अलग-अलग स्थानों पर हुई बारिश से भी नमी बढ़ गई है। इस वजह अब तापमान बढ़ते ही दाेपहर के बाद गरज-चमक की स्थिति बनेगी। यह सिलसिला चार-पांच दिन तक चल सकता है। इस दौरान दिन के तापमान में विशेष बढ़ाेतरी नहीं होगी, लेकिन रात का तापमान बढ़ेगा।

You may have missed