October 12, 2024

Rain update : रतलाम सहित कई जिलों में आज बारिश होने के आसार

रतलाम,09मार्च(इ खबर टुडे)। इन दिनों अलग-अलग स्थानों पर तीन मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं, जिसके चलते अरब सागर एवं बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है। इसकी वजह से बुधवार को रतलाम, इंदौर, उज्जैन समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने के आसार हैं। वर्षा के दौरान गरज-चमक के साथ करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं।

इंदौर में लगातार दूसरे दिन बुधवार को सुबह बादल छाए रहे। हवा कि रफ्तार भी चार किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल रही थी। हालांकि मंगलवार रात को तेज हवाएं चल रही थीं। दिन के तापमान में जरूर गिरावट देखने को मिली है। बुधवार को शहर सुबह में दिन का तापमान 20 डिग्री रहा। अधिकतम यह 31 डिग्री तक जा सकता है। हालांकि रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। शहर में दृश्यता सुबह 5000 मीटर दर्ज की गई। शहर में प्रदूषण का असर कुछ ज्यादा रहा। एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) 108 रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ ईरान के आसपास ट्रफ के रूप में बना हुआ है। गोवा से केरल तक एक द्रोणिका लाइन (ट्रफ) बनी हुई है। इसके अतिरिक्त गुजरात में हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। हवा का रुख भी पूर्वी एवं दक्षिण-पूर्वी बना हुआ है। इस वजह से अरब सागर एवं बंगाल की खाड़ी से नमी आने लगी है। इसके चलते पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश हो रही है। मौसम का इस तरह का मिजाज 10 मार्च तक बना रहने की संभावना है।

आज यहां हो सकती है बारिश

बुधवार को इंदौर, रतलाम, शाजापुर, आगर, खरगोन, खंडवा, धार, उज्जैन, बुरहानपुर, आलीराजपुर, बड़वानी, झाबुआ, बैतूल, नर्मदापुरम, हरदा, भोपाल, देवास, सीहोर, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, सागर एवं रायसेन जिलों में बारिश होने के आसार हैं।

You may have missed